Ambala News: जनगणना के लिए नहीं मिले डिजिटल मैप , गूगल मैप का सहारा ले रहे कर्मचारी

अंबाला सिटी। जनगणना कार्य भले ही तेजी से शुरू कर दिया गया है लेकिन कई कर्मचारियों के पास नक्शे की डिजिटल कॉपी नहीं है। सबसे अधिक समय उनका नक्शे को तैयार करने में ही लग रहा है, क्योंकि बिना नक्शे के वह मैपिंग कर आगे नहीं बढ़ सकती है। यही कारण है कि गूगल मैप से डिजिटली क्षेत्रों का एरिया प्रिंट कराने के बाद वह मैनुअल एक-एक घर को चिन्हित कर रहे हैं तब जाकर अपनी गणना के लिए क्षेत्र में जा पा रहे हैं। इसके साथ ही जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों से एक ही दिन में दो-दो कार्य लिए जा रहे हैं। पहले वह स्कूल में ड्यूटी देती हैं फिर आनन-फानन में अपने गणना क्षेत्र की ओर भागते हैं। इन हालातों ने जनगणना में लगे कर्मचारियों को परेशान कर दिया है।दूसरी तरफ जनगणना को लेकर प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने सभी जनगणना कर्मियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा है कि वे अपने-अपने मकान सूचीकरण ब्लॉकों में सभी भवनों, परिवारों और आवासीय स्थलों की सटीक जानकारी जुटाकर समय पर कार्य पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। कार्य को पूरा करने के लिए अब मात्र 10 दिनों का समय शेष बचा है। इसलिए जिन भी कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, वे मुस्तैदी से काम में जुट जाएं।देरी से काम शुरू हुआ जिला सांख्यिकी अधिकारी विकास बजाज ने बताया कि कुछ ब्लॉकों में काम देरी से शुरू हुआ है। ऐसी स्थिति में पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) और सहयोगी प्रगणक आगे आकर प्रभावित कर्मियों की मदद करें। उन्होंने चेतावनी दी कि प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की प्रगति रिपोर्ट सीधे पोर्टल पर दिखाई दे रही है, इसलिए कोई भी ढिलाई न बरतें। बजाज ने कहा कि यदि फील्ड में कोई तकनीकी या प्रशासनिक समस्या आती है, तो कर्मी तुरंत चार्ज अधिकारी, तकनीकी सहायक या जनगणना लिपिक से संपर्क करें। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 1855 पर भी मदद ली जा सकती है। उन्होंने अपील की कि इस कार्य को केवल सरकारी ड्यूटी न मानकर राष्ट्रसेवा समझें, ताकि इसे तय समय सीमा में पूरा किया जा सके। ब्यूरो

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 19, 2026, 03:31 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Ambala News: जनगणना के लिए नहीं मिले डिजिटल मैप , गूगल मैप का सहारा ले रहे कर्मचारी #DigitalMapsNotAvailableForCensus #EmployeesResortToGoogleMaps #SubahSamachar