Una News: टोल प्लाजा क्रॉस किया नहीं, कट गया 5000 रुपये का चालान

घनारी (गगरेट)। भद्रकाली गांव के वार्ड नंबर-3 निवासी रजाक मोहम्मद उस समय हैरान रह गए, जब अपनी पिकअप गाड़ी का टैक्स जमा कराने पहुंचे। तभी उन्हें पता चला कि उनकी गाड़ी पर 5000 रुपये का ऑनलाइन चालान दर्ज है। खास बात यह है कि यह चालान उस टोल प्लाजा का है, जहां से गुजरने का वह साफ तौर पर खंडन कर रहे हैं।जानकारी के अनुसार यह चालान 19 जनवरी 2026 सुबह 8:54 बजे राजस्थान के जोजरो का खेड़ा टोल प्लाजा पर दर्ज दिखाया गया है। रजाक मोहम्मद का कहना है कि वह उस दिन उस स्थान से गुजरे ही नहीं, ऐसे में यह चालान पूरी तरह गलत है। उन्होंने इस पूरे मामले को ऑनलाइन चालान प्रणाली की गंभीर खामी और प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कई सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि क्या अब आम नागरिकों को बिना किसी गलती के भी भारी भरकम चालान भरने पड़ेंगे। रजाक मोहम्मद ने आशंका जताई कि या तो किसी अन्य वाहन द्वारा उनकी नंबर प्लेट का दुरुपयोग किया गया है या फिर कैमरा/सॉफ्टवेयर प्रणाली में तकनीकी त्रुटि हुई है। उन्होंने कहा कि इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की बनती है, न कि एक निर्दोष व्यक्ति की।उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इस गलत चालान को जल्द रद्द नहीं किया गया और मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई, तो वे इस मुद्दे को उच्च प्रशासनिक अधिकारियों तक ले जाएंगे और न्याय के लिए हर संभव कदम उठाएंगे। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी रोष देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि इस तरह के फर्जी या तकनीकी त्रुटियों वाले चालान यदि आम जनता पर थोपे जाएंगे तो यह सीधा अन्याय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की तुरंत जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में किसी और को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 22, 2026, 23:53 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: टोल प्लाजा क्रॉस किया नहीं, कट गया 5000 रुपये का चालान #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar