Noida News: बायर्स से धोखाधड़ी में सीबीआई ने बिल्डर कंपनी के खिलाफ 12वीं चार्जशीट दाखिल की

-सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर चल रही जांच में 37 रियल एस्टेट मामलों की पड़ताल -फ्लैट देने के नाम पर धन जुटाने और रकम के कथित दुरुपयोग का आरोपमाई सिटी रिपोर्टरग्रेटर नोएडा। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने घर खरीदारों से धोखाधड़ी और रियल एस्टेट परियोजनाओं में वित्तीय अनियमितताओं की जांच के तहत एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए 12वीं चार्जशीट दाखिल की है। यह आरोपपत्र ग्रेटर नोएडा की एक आवासीय परियोजना से जुड़ा है। जिसमें मेसर्स डिसेंट बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशक को आरोपी बनाया गया है। एजेंसी का आरोप है कि कंपनी ने आकर्षक योजनाओं और समय पर फ्लैट देने के वादों के जरिए बड़ी संख्या में निवेशकों और घर खरीदारों से धन एकत्र किया, लेकिन तय समय पर परियोजना पूरी नहीं की गई। आरोप है कि फ्लैटों का कब्जा देने में लगातार देरी के बावजूद खरीदारों से धन लिया जाता रहा। एजेंसी का कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया एक सुनियोजित आपराधिक साजिश का हिस्सा थी, जिसके माध्यम से घर खरीदारों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।सीबीआई ने सक्षम न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया है। इसमें आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात जैसे आरोप शामिल किए गए हैं। एजेंसी का कहना है कि मामले की जांच के दौरान जुटाए गए दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। यह मामला सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद शुरू हुई व्यापक जांच का हिस्सा है। हजारों परिवार आर्थिक संकट का कर रहे सामना: जांच एजेंसी का कहना है कि अब तक की जांच में एक समान पैटर्न सामने आया है। अधिकांश मामलों में बिल्डरों ने आकर्षक विज्ञापनों, आसान भुगतान योजनाओं और समय पर फ्लैट देने के भरोसे के साथ लोगों से निवेश कराया। बड़ी संख्या में खरीदारों ने अपनी जीवनभर की बचत और बैंक ऋण के माध्यम से इन परियोजनाओं में पैसा लगाया, लेकिन वर्षों बीतने के बाद भी कई परियोजनाएं अधूरी रह गईं या उनका निर्माण अत्यधिक धीमी गति से चलता रहा। कई मामलों में परियोजना के लिए जुटाई गई धनराशि को अन्य उद्देश्यों में इस्तेमाल किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं। सीबीआई के अनुसार ऐसे मामलों से हजारों परिवार आर्थिक और मानसिक संकट का सामना कर रहे हैं। पूर्व में 11 चार्जशीट हो चुकी है दाखिल: इससे पहले सीबीआई रुद्र बिल्डवेल कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड, ड्रीम प्रोकॉन प्राइवेट लिमिटेड, जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड, एवीजे डेवलपर्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, सीएचडी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, सीक्वल बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड, लॉजिक्स सिटी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, मंजू जे होम्स इंडिया लिमिटेड, शुभकामना बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड और नाइनेक्स डेवलपर्स लिमिटेड समेत कई प्रमुख बिल्डर कंपनियों के खिलाफ 11 चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 26, 2026, 20:32 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »

Read More:
Gdsf



Noida News: बायर्स से धोखाधड़ी में सीबीआई ने बिल्डर कंपनी के खिलाफ 12वीं चार्जशीट दाखिल की #Gdsf #SubahSamachar