MP News: कौन है बिलाल उर्फ अबू दुजाना? 5वीं तक पढ़ा, टाइल्स का काम किया, अब जैश मॉड्यूल से नाम जुड़ने का दावा
देवास की गलियों में टाइल्स लगाने का काम करने वाला 18 वर्षीय बिलाल दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा उर्फ अबू दुजाना अब गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) की जांच के केंद्र में है। कुछ दिन पहले तक एक सामान्य मजदूर की तरह जिंदगी गुजारने वाला यह युवक अब प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े कथित मॉड्यूल का सदस्य होने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। गुजरात ATS का दावा है कि बिलाल सहित आठ आरोपी गुजरात में जैश-ए-मोहम्मद का नेटवर्क खड़ा करने, युवाओं को कट्टरपंथ की ओर आकर्षित करने और संगठन की आतंकी विचारधारा फैलाने की साजिश रच रहे थे। एजेंसी के मुताबिक, इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान में बैठे कथित हैंडलरों से भी जुड़े मिले हैं। फिलहाल बिलाल से लगातार पूछताछ की जा रही है और जांच एजेंसियां पूरे मॉड्यूल की परतें खोलने में जुटी हैं। देवास पहुंची गुजरात ATS, घर से उठाकर ले गई युवक को गुजरात ATS की टीम विशेष अभियान के तहत मध्य प्रदेश के देवास पहुंची, जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से बिलाल दुरानी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उसे गुजरात ले जाया गया, जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। देवास पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोद ने बताया कि गुजरात ATS एक संदिग्ध की तलाश में देवास आई थी। देवास पुलिस ने कार्रवाई में पूरा सहयोग किया, जिसके बाद संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर गुजरात ATS को सौंप दिया। सूत्रों के मुताबिक, बिलाल नाहर दरवाजा थाना क्षेत्र के वारसी नगर इलाके में रह रहा था और पिछले कुछ दिनों से देवास में ही ठहरा हुआ था। कौन है बिलाल दुरानी उर्फ अबू दुजाना गिरफ्तार बिलाल दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा उर्फ अबू दुजाना की उम्र महज 18 वर्ष है। जानकारी के अनुसार, उसने केवल पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई की है। पढ़ाई छोड़ने के बाद वह टाइल्स लगाने का काम करता था। उसका परिवार गुजरात और देवास, दोनों जगहों पर आता-जाता रहता था। फिलहाल परिवार के सदस्य पूरे मामले पर खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। गुप्त सूचना के बाद शुरू हुआ ऑपरेशन ATS के अनुसार, 3 जुलाई को डिप्टी एसपी हर्ष उपाध्याय को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हैं और गुजरात में उसकी विचारधारा फैलाने के साथ-साथ आतंकी गतिविधियों की साजिश रच रहे हैं। इनपुट के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग माध्यमों से लोगों से संपर्क कर उन्हें कट्टरपंथ की ओर प्रेरित कर रहे थे और गुजरात में जैश-ए-मोहम्मद का सक्रिय नेटवर्क तैयार करने में लगे थे। तकनीकी और मानव खुफिया जानकारी से हुआ खुलासा सूचना के बाद एसपी के. सिद्धार्थ के मार्गदर्शन और डिप्टी एसपी हर्ष उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम में पुलिस वायरलेस इंस्पेक्टर डी.वी. राठौड़, के.पी. गोलेटर, एम.एन. शाह, एम.पी. झाला तथा पुलिस सब-इंस्पेक्टर मनीष पटेल और डी.वी. रबारी शामिल थे। तकनीकी निगरानी और मानव खुफिया जानकारी के आधार पर जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हुए थे। गुजराती भाषा में तैयार किया जा रहा था संगठन का साहित्य ATS का दावा है कि आरोपी लोगों को जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे थे। जांच में यह भी सामने आया कि संगठन से जुड़े साहित्य का गुजराती भाषा में अनुवाद किया जा रहा था, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक उसकी विचारधारा पहुंचाई जा सके। गुजरात और मध्य प्रदेश में एक साथ हुई छापेमारी मामले की पुष्टि होने के बाद ATS ने पांच विशेष टीमें गठित कीं। इसके बाद गुजरात के बनासकांठा, मेहसाणा, पाटन और नवसारी जिलों के अलावा मध्य प्रदेश के देवास में भी एक साथ छापेमारी की गई। स्थानीय पुलिस की मदद से कुल आठ संदिग्धों को गिरफ्तार कर ATS कार्यालय लाया गया। ये भी पढ़ें-दो परिवारों की रंजिश में उजड़ गई मां की कोख, मारपीट के बाद गर्भ में पल रहे जुड़वा बच्चों की मौत आठ लोगों की गिरफ्तारी, देवास से बिलाल भी शामिल गिरफ्तार आरोपियों में अहमद अब्दुल्ला गाजीवाला, इब्राहिम मोहम्मद हुसैन घाघा, मुदस्सिर अब्दुल्ला गाजीवाला, जकारिया दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा, मुफ्ती फौजन इस्माइल दौवा, मोहम्मद अमीन शेरा, मोहम्मद अब्दुल रहमान सावदी और देवास से गिरफ्तार बिलाल दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा उर्फ अबू दुजाना शामिल हैं। ATS के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने गुजरात में "तंजीम जैश-ए-मोहम्मद" नाम से संगठन का नेटवर्क तैयार किया था। जांच में सामने आया है कि आरोपी युवाओं को संगठन से जोड़ने और उसका विस्तार करने का प्रयास कर रहे थे। एजेंसी का दावा है कि आरोपी पाकिस्तान में मौजूद हैंडलर अब्दुल्ला और मोहम्मद उमर के संपर्क में थे। संगठन की विचारधारा फैलाने के लिए साहित्य का गुजराती भाषा में अनुवाद कर लोगों तक पहुंचाया जा रहा था।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 03, 2026, 21:21 IST
MP News: कौन है बिलाल उर्फ अबू दुजाना? 5वीं तक पढ़ा, टाइल्स का काम किया, अब जैश मॉड्यूल से नाम जुड़ने का दावा #CityStates #Dewas #MadhyaPradesh #MpNews #MpNewsInHindi #SubahSamachar
