Aligarh News: शहर में 60 करोड़ के विकास कार्यों पर लगी मुहर
शहर के विकास को गति देने के लिए नगर निगम स्तर से 15वें वित्त आयोग और नगरीय अवस्थापना विकास निधि के तहत उपलब्ध धनराशि से करोड़ों रुपये के विकास कार्य कराए जाएंगे। नगर निगम ने विभिन्न मदों में करीब 60 करोड़ रुपये के विकास कार्याें को मंजूरी दी है।बुधवार को कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में महापौर प्रशांत सिंघल की अध्यक्षता और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा की मौजूदगी में हुई समिति की बैठक में जल निकासी, पथ प्रकाश, सड़क, पार्क, स्कूल, बारातघर और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। महापौर प्रशांत सिंघल ने कहा कि उपलब्ध वित्तीय संसाधनों का अधिकतम सदुपयोग करते हुए जल निकासी, पथ प्रकाश, सड़क और सार्वजनिक सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जाएगी। नगर आयुक्त प्रेमप्रकाश मीणा ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वीकृत धनराशि से शहर के विकास और नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि सभी स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के साथ पूरा कराया जाएगा। बैठक में अपर नगर आयुक्त राकेश कुमार यादव, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. अतुल गुप्ता, मुख्य अभियंता वीके सिंह, पीडब्ल्यूडी के अजय कुमार सक्सेना आदि थे। प्राइमरी स्कूलों का होगा कायाकल्पमहापौर की अध्यक्षता वाली समिति ने शहर के सभी प्राइमरी स्कूलों को बेहतर और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए बजट स्वीकृत किया है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप स्कूलों में निर्माण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास पर करीब चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मलिन बस्तियों में होंगे रोशनी के इंतजामशहर की मलिन बस्तियों और विभिन्न क्षेत्रों में पथ प्रकाश व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए स्ट्रीट लाइट पोल, एलईडी लाइट, डेकोरेटिव पोल और मिनीमास्ट लगाए जाएंगे। सूत मिल चौराहे से जीटी रोड तक केबल, पाइप और लाइट लगाने के लिए 118.92 लाख रुपये तथा इसी मार्ग पर 200 डेकोरेटिव पोल और लाइट लगाने के लिए 259.60 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। नगर निगम सीमा में पथ प्रकाश व्यवस्था के विभिन्न कार्यों के लिए 800 लाख रुपये और एलईडी लाइटों के अनुरक्षण के लिए 250 लाख रुपये का प्रावधान है।जलभराव से राहत के लिए ड्रेनेज पर जोरशहर में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 579.62 लाख रुपये के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें एसटीपी से मडराक रजबहा तक 1811 मीटर लंबी 900 एमएम व्यास की ह्यूम पाइप लाइन, केवल विहार और नगला कलार ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन की क्षमता वृद्धि, सराय रहमान ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन पर अतिरिक्त मोटर पंप की स्थापना तथा पांच ट्रॉली माउंटेड 28 एचपी डीजल डी-वाटरिंग सेट की आपूर्ति जैसे कार्य शामिल हैं। इसके अलावा भुजपुरा क्षेत्र में ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन के निर्माण के लिए 3.55 करोड़ रुपये और नगला महताब ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन की क्षमता वृद्धि एवं जीर्णोद्धार के लिए 2.95 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।नगर निगम को मिली पैच रिपेयर मशीननगर निगम की निर्माण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 150 लाख रुपये की लागत से एक पैच रिपेयर मशीन की आपूर्ति का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया है। इससे शहर की सड़कों की मरम्मत व्यवस्था को गति मिलने की उम्मीद है।बरातघर और पार्कों का भी होगा विकासपीपीपी मॉडल पर आगरा रोड स्थित आवासीय स्काई टावर परियोजना से निगम को प्राप्त धनराशि के तहत करीब 25.50 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें नगर निगम सीमा में बरातघरों के निर्माण के लिए 6.20 करोड़ रुपये, सार्वजनिक पार्कों के पुनरुद्धार के लिए 3.20 करोड़ रुपये और कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए 1.60 करोड़ रुपये शामिल हैं। आगरा रोड, मथुरा रोड और रसलगंज को भी मिलेगी सौगातबैठक में नगरीय अवस्थापना विकास निधि में आगामी माह संभावित करीब नौ करोड़ रुपये की उपलब्धता के सापेक्ष 13 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के प्रस्ताव भी रखे गए। इनमें आगरा रोड और मथुरा रोड पर प्रवेश द्वार निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये तथा रसलगंज रोड के समेकित विकास और उन्नयन के लिए आठ करोड़ रुपये का प्रावधान शामिल है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 13, 2026, 02:09 IST
Aligarh News: शहर में 60 करोड़ के विकास कार्यों पर लगी मुहर #AligarhNews #NagarNigam #SubahSamachar
