Jammu News: सुद्धमहादेव-द्रंगा ट्विन टनल टेंडर में बदलाव, 15 दिन आगे बढ़ी प्रक्रिया
-अब 30 नवंबर तक चलेगी प्रक्रिया, दो नवंबर को खुलेंगे टेंडर -2765.71 करोड़ से होना है टनल और संपर्क मार्ग का निर्माण -टेंडर लेने वाली कंपनी को जमा करवाने होंगे 27.66 करोड़ अमर उजाला ब्यूरोजम्मू। राष्ट्रीय राजमार्ग और अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) ने सुद्धमहादेव-द्रंगा ट्विन टनल की टेंडर प्रक्रिया में बदलाव किया है। 2765.71 करोड़ की टनल और संपर्क मार्ग की टेंडर प्रक्रिया को 15 दिन आगे बढ़ाया गया है। पहले टेंडर प्रक्रिया 15 अक्तूबर को पूरी होनी थी और 16 अक्तूबर को खोला जाना था। अब 30 अक्तूबर को प्रक्रिया पूरी होगी और इसे दो नवंबर को खोला जाएगा। इस बारे एनएचआईडीसीएल के उप महाप्रबंधक आशीष गुप्ता ने निर्देश जारी किए हैं। तारीख में बदलाव के बावजूद टेंडर प्रक्रिया में तय नियम और शर्ताें में कोई बदलाव नहीं किया गया है। टेंडर हासिल करने वाली फर्म को चार साल में काम पूरा करना होगा। तय कुल टेंडर का 10 प्रतिशत 27.66 करोड़ रुपये बतौर धरोहर राशि जमा करवाने होंगे। इस टनल का निर्माण चिनानी-सुद्धमहादेव-गोहा सेक्शन में किया जाना है। टनल का निर्माण होने से जम्मू और कश्मीर के बीच एक वैकल्पिक मार्ग खुल जाएगा। उधमपुर-डोडा-किश्तवाड़ से कश्मीर को जोड़ेगा। नेशनल हाईवे का निर्माण पूरा होने के बाद दोनों संभाग के बीच कारोबार और पर्यटन की दृष्टि से तीसरा वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो जाएगा। .2031 में पूरा होगा टनल का निर्माण एनएचआईडीसीएल के उप महाप्रबंधक आशीष गुप्ता के अनुसार अब टेंडर प्रक्रिया दो नवंबर को पूरी होगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अगले साल से निर्माण शुरू होने की संभावना रहेगी। 2027 में काम शुरू होने के बाद 2031 में इसे पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद 10 साल तक संबंधित कंपनी ही रखरखाव का जिम्मा संभालेगी। हाईवे में कोई दिक्कत पेश आती है तो इसे ठीक करने का जिम्मा टेंडर हासिल करने वाली कंपनी का रहेगा। सुद्धमहादेव-द्रंगा ट्विन टनल की टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी होनी चाहिए। सुरंग का निर्माण होने से किश्तवाड़ जिले को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। विधानसभा क्षेत्र इंद्रवाल से श्रीनगर सचिवालय की दूरी 50 किलोमीटर से कम रह जाएगी। यहां मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलेगी। विकास की रफ्तार तेज होगी। साल के 12 महीने आवाजाही संभव हो सकेगी। इस सुरंग का इंतजार लंबे समय से चल रहा है। -प्यारे लाल शर्मा, विधायक इंद्रवाल
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 21, 2026, 02:12 IST
Jammu News: सुद्धमहादेव-द्रंगा ट्विन टनल टेंडर में बदलाव, 15 दिन आगे बढ़ी प्रक्रिया #DevelopmentNews #SubahSamachar
