Firozabad News: अमान्य कक्षाएं चलाने पर देवस्थली एकेडमी की मान्यता निलंबित
- बीएसए और डीआईओएस के संयुक्त निरीक्षण में मिलीं कई कमियां, 21 अप्रैल तक मांगा स्पष्टीकरणसंवाद न्यूज एजेंसी फिरोजाबाद। शिक्षा विभाग के मानकों की अनदेखी और बिना मान्यता के उच्च कक्षाएं संचालित करने वाले स्कूलों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। शनिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पांडेय और जिला विद्यालय निरीक्षक धीरेंद्र कुमार के संयुक्त निरीक्षण के बाद सिरसागंज स्थित देवस्थली एकेडमी की मान्यता अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई है।अधिकारियों द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में विद्यालय के भीतर कई अनियमितताएं पाई गईं। विद्यालय के पास केवल कक्षा 1 से 8 तक की मान्यता है, लेकिन मौके पर कक्षा 9 और 10 की कक्षाएं भी संचालित होती मिलीं। स्कूली वाहनों की फिटनेस और पंजीकरण के संबंध में विद्यालय प्रबंधन कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। बिना सक्षम स्तर की अनुमति के कक्षाओं के सेक्शन बढ़ाए गए थे। अभिभावकों को विद्यालय से ही यूनिफार्म और पाठ्यक्रम खरीदने के लिए बाध्य किए जाने की शिकायतें भी संज्ञान में आईं। बीएसए आशीष कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से विद्यालय की मान्यता अस्थायी रूप से निलंबित कर दी है। विद्यालय प्रबंधक को आदेश दिया गया है कि वे 21 अप्रैल को शाम 4 बजे तक अपना पक्ष और स्पष्टीकरण साक्ष्यों के साथ प्रस्तुत करें। बीएसए ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित तिथि तक संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया, तो निशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के तहत विद्यालय की मान्यता स्थायी रूप से वापस ले ली जाएगी और भारी अर्थदंड भी लगाया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारी मदनपुर को निर्देशित किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान विद्यालय का संचालन न होने दिया जाए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 18, 2026, 14:26 IST
Firozabad News: अमान्य कक्षाएं चलाने पर देवस्थली एकेडमी की मान्यता निलंबित #DevasthaliAcademy'sRecognitionSuspendedForRunningInvalidClasses #SubahSamachar
