Kangra News: मेरिट आधारित नियुक्ति की प्रक्रिया को जल्द पूरी करने की उठाई मांग
बरियाल (कांगड़ा)। सीबीएसई सब-कैडर इन-सर्विस टीचर्स एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रधान खजान सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में प्रदेश सरकार द्वारा गठित कैबिनेट सब-कमेटी के सदस्य और राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सीबीएसई सब-कैडर के अंतर्गत मेरिट आधारित नियुक्तियों की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया।एसोसिएशन के महासचिव संदीप कंवर ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश सरकार की ओर से सरकारी सीबीएसई विद्यालयों की स्थापना और उनमें मेरिट आधारित अध्यापकों की नियुक्ति के निर्णय को ऐतिहासिक पहल करार दिया। उन्होंने मंत्री को अवगत करवाया कि सरकार द्वारा आयोजित स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित किया जा चुका है और प्रधानाचार्यों की काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के साथ उन्हें विद्यालय भी आवंटित किए जा चुके हैं, लेकिन उनके नियुक्ति आदेश अभी भी लंबित हैं।कंवर ने बताया कि इसके अलावा अन्य श्रेणियों के अध्यापकों की काउंसलिंग और नियुक्ति प्रक्रिया भी अभी तक अधर में लटकी हुई है। इससे सीबीएसई विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में भविष्य को लेकर चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। संघ ने सरकार से मांग उठाई है कि प्रधानाचार्यों के नियुक्ति आदेश जल्द जारी किए जाएं और अन्य श्रेणियों की काउंसलिंग प्रक्रिया को भी तुरंत पूरा कर उनके आदेश जल्द से जल्द जारी किए जाएं, ताकि स्कूलों में सुचारू रूप से पढ़ाई हो सके।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 30, 2026, 17:58 IST
Kangra News: मेरिट आधारित नियुक्ति की प्रक्रिया को जल्द पूरी करने की उठाई मांग #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
