Una News: ग्राम पंचायत हंबोली के विभाजन की उठी मांग
बडूही (ऊना)। ग्राम पंचायत हंबोली के विभाजन की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। पंचायत क्षेत्र के ग्रामीणों ने पंचायत का क्षेत्रफल अधिक होने और जनसंख्या ज्यादा होने का हवाला देते हुए पंचायत का विभाजन कर नई ग्राम पंचायत सेरी बनाने की मांग उठाई है। ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत हंबोली का क्षेत्रफल काफी बड़ा है। इसकी आबादी लगभग 3500 के करीब है जबकि मतदाताओं की संख्या करीब 2200 है। इतने बड़े क्षेत्र व जनसंख्या के कारण पंचायत स्तर पर विकास कार्यों और लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में कठिनाई आती है। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत हंबोली के विभाजन को लेकर पहले भी एक प्रस्ताव तैयार कर जिला पंचायत अधिकारी ऊना के माध्यम से निदेशक पंचायती राज विभाग को भेजा था। जिसमें बताया गया कि अब तक पंचायत का विभाजन नहीं हो पाया है। जिले की अन्य कई पंचायतों का पुनर्गठन कर दिया गया है। इसी मुद्दे को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों ने विधायक सुदर्शन सिंह बबलू से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। लोगों ने नई ग्राम पंचायत सेरी बनाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि नई पंचायत सेरी का गठन होता है तो क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक और विकासात्मक सुविधाएं बेहतर तरीके से मिल सकेंगी। इस दौरान नंबरदार सुरजीत सिंह सेरी, पूर्व प्रधान जोगिंद्र सिंह, उपप्रधान सतीश कुमार, पंच गुरबख्श सिंह, शाम लाल, रमन कुमार, कुलदीप सिंह, सरवन सिंह, हैप्पी, सुदर्शन सिंह, बलविंद्र भट्टी, मनमोहन सिंह, मेला राम, लखविंद्र सिंह, पंकज कुमार सहित सेरी, बहेड़ी और हंबाेली के कई ग्रामीण मौजूद रहे।विधायक सुदर्शन सिंह बबलू का कहना है कि ग्रामीणों की ओर से पंचायत विभाजन को लेकर जो मांग रखी गई है। उन्होंने कहा कि यदि पंचायत का क्षेत्रफल और जनसंख्या अधिक है तो पंचायत का विभाजन होना चाहिए ताकि लोगों को बेहतर प्रशासनिक सुविधा और विकास कार्यों का लाभ मिल सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मांग को सरकार और संबंधित विभाग के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 06, 2026, 23:41 IST
Una News: ग्राम पंचायत हंबोली के विभाजन की उठी मांग #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
