Una News: कुटलैहड़ में पटवार-कानूगो सर्किल खोलने की मांग

मंत्री जगत सिंह को विधायक विवेक शर्मा ने सौंपा मांगपत्र संवाद न्यूज एजेंसी थानाकलां (ऊना)। प्रदेश के राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी के बंगाणा दौरे के दौरान कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने रेस्ट हाउस में उनका स्वागत किया और क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न मांगें उनके समक्ष रखीं।विधायक ने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और बढ़ती आबादी को देखते हुए यहां नए पटवार और कानूगो सर्किल स्थापित किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में लोगों को राजस्व कार्यों के लिए दूर-दराज के कार्यालयों में जाना पड़ता है। नए सर्किल बनने से राजस्व कार्यों में तेजी आएगी और लोगों को राहत मिलेगी। विधायक ने क्षेत्र में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए किसानों को आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण पौध सामग्री और प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने की मांग भी उठाई। दौरे के दौरान मंत्री जगत सिंह नेगी ने खंड विकास कार्यालय बंगाणा के तहत ग्राम पंचायत कथोह और डुमखर का दौरा कर वहां चल रहे शिवा प्रोजेक्ट के कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विधायक सुदर्शन सिंह बबलू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देसराज गौतम, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, थाना प्रभारी रोहित चौधरी सहित पंचायत प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 14, 2026, 16:57 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: कुटलैहड़ में पटवार-कानूगो सर्किल खोलने की मांग #DemandForOpeningOfPatwar-KanungoCircleInKutlahad #SubahSamachar