Chandigarh News: ऑनलाइन सट्टेबाजी, प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह से जांच की मांग

चंडीगढ़। देश में तेजी से फैल रहे ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क के खिलाफ काउंसिल ऑफ लॉयर्स के अध्यक्ष और सर्वोच्च न्यायालय के वकील वासु रंजन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को शिकायत भेजकर अवैध ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म्स की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो इस मुद्दे को जनहित का विषय बनाकर सर्वोच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर की जाएगी।उन्होंने कहा कि देश में संचालित सभी ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म्स की भूमिका, उनके संचालकों, वित्तपोषण स्रोतों, कर अनुपालन, केवाईसी व्यवस्था और कानूनी स्थिति की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। यह साफ होना चाहिए कि ऐसे प्लेटफॉर्म भारतीय कानूनों के अनुरूप कार्य कर रहे हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार तेजी से युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले रहा है। रोजगार, शिक्षा और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने के बजाय बड़ी संख्या में युवा त्वरित कमाई के लालच में बेटिंग ऐप्स की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई प्लेटफॉर्म पूरी तरह कानूनी दायरे में काम कर रहा है तो संबंधित एजेंसियों को इसकी स्थिति सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करनी चाहिए लेकिन यदि कहीं भी अवैध गतिविधियां पाई जाती हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मांग की है कि देशभर में संचालित संदिग्ध ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क की व्यापक जांच कराई जाए। जांच के माध्यम से यह पता लगाया जाए कि इन प्लेटफॉर्म्स के पीछे कौन लोग हैं उनका वित्तीय स्रोत क्या है और क्या वे भारतीय कानूनों तथा कर नियमों का पालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र और संबंधित एजेंसियों की ओर से अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स और नेटवर्क के खिलाफ प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो काउंसिल ऑफ लॉयर्स सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 14, 2026, 02:22 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Chandigarh News: ऑनलाइन सट्टेबाजी, प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह से जांच की मांग #DemandForAnInvestigationIntoOnlineBettingInvolvingPrimeMinisterModiAndAmitShah. #SubahSamachar