Chamba News: चुवाड़ी कॉलेज की बदहाल सड़क पर किया मंथन
कॉलेज प्राचार्य की अध्यक्षता में हुई पीटीए की बैठक बैडमिंटन और वॉलीबाल मैदान के मुद्दे पर की चर्चा संवाद न्यूज एजेंसी चुवाड़ी (चंबा)। राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी में विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं और कॉलेज परिसर में अधूरे विकास कार्यों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता कॉलेज प्राचार्य डॉ. संजय सिंह पठानिया ने की। इसमें विद्यार्थियों और कॉलेज स्टाफ से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करवाने पर चर्चा की गई।बैठक में कॉलेज के शौचालयों की मरम्मत, पानी की नियमित आपूर्ति, स्टेज, बैडमिंटन और वॉलीबाल मैदान का अधूरा निर्माण पूरा करवाने सहित नालियों और सड़क की मरम्मत का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इसके अलावा कॉलेज परिसर में पौधों की कटाई-छंटाई के बिलों का भुगतान करने और परिसर में लंबे समय से रखी गईं चादरों की नीलामी करवाने पर भी चर्चा हुई। सभी कार्यों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया। पीटीए प्रधान सतपाल ठाकुर ने प्रेस बयान में कहा कि कॉलेज रोड की हालत लंबे समय से खराब है। इस सड़क से रोजाना विद्यार्थियों और कॉलेज स्टाफ के अलावा एसडीएम, बीडीओ, तहसीलदार और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क की बदहाली की ओर किसी का ध्यान नहीं गया। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के मंडल कार्यालय के अधिशासी अभियंता का कार्यालय भी इसी मार्ग के समीप है लेकिन सड़क और नालियों की स्थिति में सुधार नहीं हो पाया है। ठाकुर ने कहा कि कॉलेज रोड की टूटी नालियों और सड़क की शीघ्र मरम्मत की जानी चाहिए। साथ ही स्टेज, बैडमिंटन और वॉलीबाल मैदान का अधूरा निर्माण जल्द पूरा करवाया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों से कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से करवाने की मांग की। उन्होंने चेताया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मामला उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा। बैठक में पीटीए सचिव आशीष कुमार, डॉ. संजीव सिंह, प्रो. सरदारी लाल, डॉ. रीना देवी, मुख्य सलाहकार सुदेश धीमान, जीवन कुमार और प्रो. धीमान सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 11, 2026, 15:25 IST
Chamba News: चुवाड़ी कॉलेज की बदहाल सड़क पर किया मंथन #DeliberationsHeldRegardingTheDilapidatedRoadAtChuwariCollege. #SubahSamachar
