Yamuna: दिल्ली जल बोर्ड ने एनजीटी में दाखिल की प्रगति रिपोर्ट, यमुना को मिलेंगी ताजा सांसें; 17 ड्रेन ट्रैप
यमुना को जल्द ही ताजा सांसें मिलने वाली हैं। दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में प्रगति रिपोर्ट दाखिल कर दी है। इसमें बताया गया है कि यमुना में गंदा पानी जाने से रोकने के लिए 43 में से 17 ड्रेन पूरी तरह ट्रैप किए जा चुके हैं। एक ड्रेन 31 मार्च और बाकी 22 ड्रेन 30 जून तक ट्रैप कर दिए जाएंगे । रिपोर्ट के अनुसार, कुछ ड्रेन अलग-अलग एजेंसियों के अधिकार क्षेत्र में हैं। इसके लिए समन्वय किया जा रहा है। डीजेबी ने बताया कि जहां पुराने सीवर से कनेक्शन संभव नहीं है, वहां छोटे और पोर्टेबल एसटीपी लगाए जाएंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा, महरौली, छतरपुर, साकेत, दक्षिणपुरी और सैदुल्लाजब नाला जैसे इलाकों में नए सीवर नेटवर्क और छोटे ट्रीटमेंट प्लांट बनाने की योजना है। इन इलाकों में अभी सीवर की सुविधा नहीं है, इसलिए पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। डीजेबी का कहना है कि चार हिस्सों वाला प्लान ड्रेन ट्रैपिंग, नया सीवर नेटवर्क, छोटे ट्रीटमेंट प्लांट और जरूरी अनुमतियां तेजी से लागू किए जा रहे हैं। सभी काम भूमिगत होंगे और इनमें पेड़ों को नुकसान नहीं पहुंचेगा। डिफेंस कॉलोनी ड्रेन की बदबू होगी दूर डीजेबी ने बताया है कि डिफेंस कॉलोनी ड्रेन की गंदगी और बदबू की समस्या में जल्द ही सुधार दिखेगा। डीजेबी ने ड्रेन में ही सफाई (इन-साइटू ट्रीटमेंट) के लिए टेंडर जारी कर दिया है। इससे बदबू और प्रदूषण को तुरंत नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। यह मामला निजामुद्दीन वेस्ट एसोसिएशन की याचिका पर चल रहा है। डीजेबी के हलफनामे के अनुसार, लंबी अवधि के समाधान के तहत महरौली, साकेत, दक्षिणपुरी और आसपास के इलाकों में नए सीवर नेटवर्क और छोटे सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाएंगे। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 29, 2026, 02:10 IST
Yamuna: दिल्ली जल बोर्ड ने एनजीटी में दाखिल की प्रगति रिपोर्ट, यमुना को मिलेंगी ताजा सांसें; 17 ड्रेन ट्रैप #CityStates #DelhiNcr #Yamuna #SubahSamachar
