Delhi Rain: बरसात की पहली परीक्षा में फेल हुए सरकारी इंतजाम, लक्ष्मी नगर से अक्षरधाम तक पानी ही पानी; जाम
राजधानी में शनिवार को हुई कुछ घंटों की बारिश ने एक बार फिर बरसाती तैयारियों की पोल खोल दी। लक्ष्मी नगर, अक्षरधाम, प्रीत विहार, निर्माण विहार, मदर डेयरी रोड, राम विहार और आसपास के कई इलाके जलभराव की चपेट में आ गए, जिससे विकास मार्ग, लोनी रोड और सराय काले खां समेत कई प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया। जलभराव के कारण नौकरीपेशा लोगों, स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि कई दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए। दिनभर बादल छाए रहने से तेज धूप से राहत जरूर मिली, लेकिन बढ़ी उमस ने लोगों को बेहाल रखा। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। पूसा में 23.5 मिमी और जनकपुरी में 9.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि शहर के औसत स्तर पर 0.01 मिमी बारिश दर्ज हुई। अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहा। स्थानीय लोगों ने जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए। लक्ष्मी नगर निवासी सुमित कुमार ने कहा कि थोड़ी-सी बारिश में भी इलाके में जलभराव और विकास मार्ग पर जाम लगना आम बात हो गई है। वहीं, शास्त्री पार्क निवासी अनस खान का कहना है कि हाल ही में सीवर की सफाई के बावजूद बारिश के बाद गाद दोबारा सीवर में भर गई, जिससे निकासी व्यवस्था प्रभावित हो गई। मौसम विभाग ने 5 से 10 जुलाई के बीच दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने, रुक-रुक कर बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जताया है। कुछ समय के लिए हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 10 जुलाई तक बारिश के आसार पूर्वानुमान के अनुसार 7 जुलाई को भी बादल छाए रहेंगे तथा सुबह और दोपहर के समय हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी। 8 और 9 जुलाई को भी मौसम का मिजाज लगभग इसी तरह रहेगा और रुक-रुक कर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 10 जुलाई को एक बार फिर हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। पूरे सप्ताह अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 10 मिनट की बारिश ने अस्पताल की खोली पोल राजधानी के कुछ इलाकों में शनिवार को करीब 10 मिनट की बारिश ने लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। अस्पताल के गलियारों और वार्डों के बाहर पानी भर गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों और कर्मियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। अस्पताल में जलभराव का वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है। इस बारे में अस्पताल प्रशासन का कहना है कि है कि कर्मचारियों को मौके पर भेजकर पानी की निकासी कराई गई। सीवर में गाद, ड्रेनेज सिस्टम चोक शास्त्री पार्क, सीलमपुर और जाफराबाद जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में सड़कों के किनारे पड़ी मिट्टी और गाद बारिश के तेज बहाव के साथ बहकर सीवर लाइनों में जमा हो गई। नतीजा सीवर पूरी तरह चोक हो गए और पानी की निकासी रुक गई। सड़कों पर जमा गंदा पानी लोगों की दुकानों के मुहाने तक पहुंच गया, जिससे व्यापारियों और ग्राहकों को परेशानी हुई। जलभराव की स्थिति को देखते हुए दिल्ली नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और दिल्ली जल बोर्ड की टीमें हरकत में आईं। शास्त्री पार्क में पीडब्ल्यूडी की हैवी पंप पानी निकालते हुए दिखाई दिए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 05, 2026, 02:15 IST
Delhi Rain: बरसात की पहली परीक्षा में फेल हुए सरकारी इंतजाम, लक्ष्मी नगर से अक्षरधाम तक पानी ही पानी; जाम #CityStates #Delhi #DelhiRain #SubahSamachar
