Rohtak News: दिल्ली के सहायक प्रोफेसर ने जेएलएन नहर में कूदकर की आत्महत्या
माई सिटी रिपोर्टररोहतक। दिल्ली के आत्माराम कॉलेज के सहायक प्रोफेसर बहादुरगढ़ निवासी भास्कर वशिष्ठ (33) ने शनिवार सुबह जेएलएन नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। उनका शव रोहतक में आईजी कार्यालय के नजदीक जेएलएन नहर में शनिवार सुबह मिला है। आईएमटी थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। एमडीयू में बहादुरगढ़ निवासी लाइब्रेरी असिस्टेंट रूप किशोर वशिष्ठ ने बताया कि पिछले साल अगस्त में रिटायरमेंट के बाद उनको एक्सटेंशन मिली हुई है। उनकी एक बेटी व एक बेटा है। बेटा भास्कर वशिष्ठ दिल्ली विश्वविद्यालय के आत्माराम कॉलेज में एक साल से सहायक प्रोफेसर (गेस्ट फैकल्टी) के तौर पर कार्यरत थे। बेटी की शादी हो चुकी है जबकि बेटा अविवाहित था। भास्कर काफी समय से मानसिक तौर पर परेशान चल रहे थे। कॉलेज से आने के बाद घर पर ही रहते थे। किसी से बात तक नहीं करते थे। शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे बोले-मैं घर से जा रहा हूं। यह नहीं बताया कि कहां जा रहे हैं। देर रात तक घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। शनिवार सुबह छह बजे रोहतक से आईएमटी थाना पुलिस का फोन आया। बताया कि आईजी कार्यालय के नजदीक नहर किनारे एक स्कूटी मिली है। स्कूटी सवार की नहर में डूबने से मौत हो चुकी है। वे सुबह करीब नौ बजे बहादुरगढ़ से रोहतक पहुंचे और शव की पहचान की। आईएमटी थाना प्रभारी एसआई अश्वनी अहलावत का कहना है कि प्रथम जांच में पता चला है कि बहादुरगढ़ निवासी भास्कर मानसिक तौर पर परेशान थे। उन्होंने नहर में कूदकर आत्महत्या की है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 17, 2026, 02:54 IST
Rohtak News: दिल्ली के सहायक प्रोफेसर ने जेएलएन नहर में कूदकर की आत्महत्या #DelhiAssistantProfessorCommitsSuicideByJumpingIntoJLNCanal #SubahSamachar
