देहरादून: प्रॉपर्टी विवाद में झूठी खबर चलाने की धमकी देकर मांगे पांच लाख, आरोपी गिरफ्तार
प्रॉपर्टी विवाद में झूठी खबर प्रसारित करने की धमकी देकर पांच लाख रुपये मांगने के आरोप में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताने वाले इस व्यक्ति ने पीड़ित से 50 हजार रुपये अपने बताए बैंक खाते में जमा करा लिए थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक डायरी बरामद की है। डायरी में मोबाइल छिपाने के लिए विशेष चैंबर बना मिला। पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल में कई लोगों के गोपनीय रूप से बनाए गए वीडियो भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। व्हाट्सएप कॉल और मैसेज कर संपर्क किया पुलिस के मुताबिक, आजाद कॉलोनी, माजरा निवासी तनवीर खान ने 19 अक्तूबर को पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि वह कई वर्षों से प्रॉपर्टी का काम कर रहे हैं और चांचक क्षेत्र की एक संपत्ति को लेकर कुछ लोगों से उनका विवाद चल रहा है। इसी बीच एक व्यक्ति ने उन्हें व्हाट्सएप कॉल और मैसेज कर संपर्क किया। उसने खुद को न्यूज प्लेटफॉर्म का संचालक बताते हुए संपत्ति से जुड़े मामले में बात करने की बात कही। आरोप है कि कॉल पर व्यक्ति ने पीड़ित को धमकाया कि उसके पास संपत्ति से संबंधित कुछ खबरें हैं, जिन्हें न्यूज प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर वह उनके लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। खबरें प्रसारित नहीं करने के एवज में उसने पांच लाख रुपये की मांग की। धमकी से डरकर पीड़ित ने आरोपी की ओर से दिए गए एक्सिस बैंक खाते में 50 हजार रुपये जमा करा दिए। इसके बाद बाकी रकम मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें बर्बाद करने की धमकी दी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 20, 2026, 14:41 IST
देहरादून: प्रॉपर्टी विवाद में झूठी खबर चलाने की धमकी देकर मांगे पांच लाख, आरोपी गिरफ्तार #CityStates #Dehradun #Uttarakhand #DehradunFakeJournalist #Journalist #DehradunNews #SubahSamachar
