Agra News: शिखर पर दीप्ति, ऐतिहासिक उपलब्धि के साक्षी बने पिता और भाई
आगरा। क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स के मैदान पर रविवार का दिन भारतीय क्रिकेट इतिहास के स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया। आगरा की बेटी और टीम इंडिया की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक विकेट लेकर क्रिकेट के तीनों प्रारूपों (टेस्ट, वनडे और टी-20) में 356 विकेट पूरे कर लिए। उन्होंने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी के 355 विकेट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए महिला क्रिकेट में सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। दीप्ति अब तक 279 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी हैं और उनके नाम 356 विकेट हो गए। इसमें टेस्ट में 22, वनडे में 166 और टी-20 में 168 विकेट हैं। वह चार हजार से ज्यादा रन भी बना चुकी हैं।महिला टी-20 विश्वकप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतिम लीग मैच में भारतीय टीम को भले ही हार मिली हो लेकिन दीप्ति शर्मा की ऐतिहासिक उपलब्धि ने आगरा के साथ ही देशवासियों को गौरवान्वित कर दिया। ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर बेथ मूनी का विकेट लेते ही दीप्ति महिला क्रिकेट में दुनिया की सबसे ज्यादा विकेट (356 विकेट) लेने वाली गेंदबाज बन गईं। दीप्ति की इस उपलब्धि के साक्षी उनके पिता भगवान शर्मा और भाई सुमित शर्मा भी बने। महिला टी-20 विश्वकप में भारत के अंतिम लीग मैच में लॉर्ड्स के मैदान की दर्शक दीर्घा में बैठकर पिता और भाई ने दीप्ति का हौसला बढ़ाया। दीप्ति के ऐतिहासिक विकेट लेते ही दोनों खुशी से झूम उठे। वर्षों की मेहनत, संघर्ष और समर्पण का यह फल उनके सामने इतिहास बनकर खड़ा था। यह सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं था, बल्कि उस लंबे इंतजार का अंत भी था, जिसका आगरा के क्रिकेट प्रेमियों को कई दिनों से बेसब्री से इंतजार था। पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 विश्व कप मुकाबले में पांच विकेट लेकर दीप्ति झूलन के रिकॉर्ड से विकेट पीछे थीं। नीदरलैंड के खिलाफ एक विकेट लेकर रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। अंतिम लीग मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक विकेट लेकर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। लॉर्ड्स का मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और आगरा में भी जश्न शुरू हो गया।--------------- एक के बाद एक कीर्तिमान गढ़ रहीं दीप्तिदीप्ति शर्मा पिछले कुछ वर्षों से भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडरों में शामिल हैं। 2025 महिला वनडे विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के दम पर वह प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुनी गई थीं। अब महिला क्रिकेट की सबसे सफल विकेट लेने वाली गेंदबाज भी बन गई हैं।--------------आगरा में खुशी की लहरदीप्ति की ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद शहर में खुशी की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। क्रिकेटप्रेमियों ने इसे आगरा के लिए गर्व का क्षण बताया। आगरा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोशन ने कहा कि दीप्ति शर्मा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर मेहनत से विश्व क्रिकेट का शिखर छुआ जा सकता है। पूर्व क्रिकेटर पराग गौतम ने कहा कि क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित मैदान पर विश्व रिकॉर्ड बनाना हर खिलाड़ी का सपना होता है। दीप्ति ने यह सपना पूरा कर आगरा का नाम पूरी दुनिया में रोशन कर दिया। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के पूर्व क्रिकेटर नवीन गोस्वामी ने कहा कि दीप्ति का यह रिकॉर्ड वर्षों की तपस्या का परिणाम है। सिटीजन क्लब के सचिव मुईन बाबू ने कहा कि दीप्ति शर्मा आगरा के हर युवा खिलाड़ी की प्रेरणा हैं। यह उपलब्धि पूरे शहर के लिए गर्व का विषय है। दीप्ति की ऐतिहासिक उपलब्धि के साक्षी बने पिता और भाई, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक विकेट लेकर स्थापि
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 29, 2026, 01:33 IST
Agra News: शिखर पर दीप्ति, ऐतिहासिक उपलब्धि के साक्षी बने पिता और भाई #Deepti'sFatherAndBrotherWitnessedHerHistoricAchievement #SettingARecordByTakingAWicketAgainstAustralia #MuchToTheDelightOfCricketFans. #SubahSamachar
