Ambala News: शिवालिक एक्सप्रेस पर गिरा मलबा, हादसा बचा

अंबाला। विश्व धरोहर कालका-शिमला रेल मार्ग पर शनिवार को कथलीघाट-कानों रेलखंड के बीच अचानक पहाड़ी दरकने से मलबा ट्रैक पर गिर गया। इससे रेल यातायात ठप हो गया। इस दौरान कालका की ओर जा रही शिवालिक डीलक्स एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 52452 का इंजन पर भी कुछ मलबे गिरा। हालांकि, चालक ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेन को समय रहते रोक लिया। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया। ट्रेन में उस समय 107 यात्री सवार थे। रेलवे प्रशासन ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रेन को वापस कैथलीघाट स्टेशन लाया गया। जहां से यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए तीन विशेष बसों की व्यवस्था की गई। इन बसों के माध्यम से 97 यात्रियों को सुरक्षित कालका पहुंचाया गया। यात्रियों की आगे की यात्रा निर्बाध रहे, इसके लिए रेलवे ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए कालका–हावड़ा मेल ट्रेन नंबर 13052 के प्रस्थान को 60 मिनट की देरी से रवाना किया। बसें रात 12:30 बजे कालका स्टेशन पहुंचीं, जहां से सभी यात्रियों को सुरक्षित ट्रेन में सवार कराया गया। अंबाला रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया कि यात्रियों के लिए भोजन और पानी की उचित व्यवस्था की गई थी। फिलहाल रेलवे की टीमें युद्धस्तर पर ट्रैक से मलबा हटाने का कार्य कर रही हैं ताकि यातायात को जल्द सामान्य किया जा सके। संवाद

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 06, 2026, 01:33 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Ambala News: शिवालिक एक्सप्रेस पर गिरा मलबा, हादसा बचा #DebrisFallsOnShivalikExpress;AccidentAverted. #SubahSamachar