पीयू शोधार्थी की माैत: सामने आया ज्योति के अंतिम पलों का सच, परिजनों ने क्यों कर दिया शव लेने से इन्कार

पंजाब यूनिवर्सिटी की शोध छात्रा ज्योति की मौत पर परिजनों को शक है। परिजनों ने शव लेने से इन्कार कर दिया है। जीएमएसएच-16 पहुंचे परिवार ने मौत के कारणों पर सवाल उठाते हुए मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि जब तक जांच के लिखित आदेश नहीं मिलते और मौत का सही कारण सामने नहीं आता, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। मृतका के चाचा जितेंद्र कुमार ने कहा कि परिवार को अब तक मौत के कारणों की संतोषजनक जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि मृतका की मां को अभी तक सिर्फ यही जानकारी दी गई थी कि बेटी अस्पताल में भर्ती है जबकि पिता को उसकी मौत की सूचना दी गई। बेटी की मौत की खबर मिलने के बाद पिता की हालत भी खराब हो गई है। जितेंद्र कुमार ने कहा कि उन्हें बताया जा रहा है कि ज्योति की मौत करंट लगने से हुई है लेकिन शरीर पर करंट लगने का कोई निशान दिखाई नहीं दे रहा। ऐसे में परिवार इस दावे को स्वीकार नहीं कर पा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं ज्योति के साथ कोई अन्य घटना तो नहीं हुई। मृतका के मामा सुनील ने कहा कि बिना निष्पक्ष जांच और मौत के सही कारणों का खुलासा हुए परिवार शव नहीं लेगा। उन्होंने सीबीआई जांच की मांग दोहराते हुए कहा कि जांच के लिखित आदेश मिलने के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा। परिजनों ने बताया कि ज्योति परिवार की सबसे बड़ी संतान थी और उसका एक छोटा भाई भी है। अस्पताल में पीयू के डीएसडब्ल्यू, वार्डन, विभाग प्रभारी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 29, 2026, 07:56 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




पीयू शोधार्थी की माैत: सामने आया ज्योति के अंतिम पलों का सच, परिजनों ने क्यों कर दिया शव लेने से इन्कार #CityStates #Chandigarh-punjab #ChandigarhNews #PanjabUniversity #PhdScholar #SubahSamachar