Ballia News: रजबाहे में मिला युवक का शव
विशुनपुरा। नगरा थाना क्षेत्र के कमरौली गांव के समीप पंदह रजबाहे में मंगलवार को एक युवक का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान कमरौली-बिलासपुर निवासी मनोज गुप्ता (40) पुत्र गौरीशंकर गुप्ता के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार मनोज की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी। सोमवार को उन्हें गांव स्थित काशीदास बाबा के पूजा स्थल के पास देखा गया था। इसके बाद वह लापता हो गए थे। परिजनों ने देर शाम तक उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार दोपहर पंदह रजवाहे के पास पशु चरा रहे चरवाहों ने नहर में एक शव उतराया देखा। बताया जाता है कि पानी पीने के लिए उतरे पशुओं के हलचल करने पर शव ऊपर आ गया, जिसके बाद चरवाहों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने शव की पहचान मनोज गुप्ता के रूप में की। वह अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। थानाध्यक्ष संजय मिश्र का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 02, 2026, 23:02 IST
Ballia News: रजबाहे में मिला युवक का शव #DeadBodyOfAYouthFoundInRajbaha #SubahSamachar
