Una News: दौलतपुर चौक पुलिस की बुलेट चालकों पर सख्ती, कई वाहन जब्त
दौलतपुर चौक (ऊना)। दौलतपुर चौक पुलिस ने बाजार क्षेत्र में बुलेट मोटरसाइकिल चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए तेज रफ्तार और ध्वनि फैलाने वाले कई वाहनों को जब्त किया। यह कार्रवाई एसआई रविपाल के नेतृत्व में की गई। दौलतपुर चौक बाजार क्षेत्र पहले से ही तंग है। इसी बाजार में एक अस्पताल, एक बैंक और तीन स्कूल स्थित हैं। इसके अलावा इन दिनों मैड़ी मेला चलने के कारण यहां भारी भीड़ उमड़ रही है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में कुछ बुलेट चालक तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाते हुए तेज आवाज निकाल रहे थे, जिससे मरीजों, छात्रों, अभिभावकों, दुकानदारों और आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने इसकी पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मौके पर कार्रवाई कर नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन बाइकरों के चालान काटे जबकि अन्य को चेतावनी दे कर छोड़ दिया गया। एसआई रविपाल ने स्पष्ट किया कि बाजार और स्कूल, अस्पताल क्षेत्र में शांति व सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 26, 2026, 23:52 IST
Una News: दौलतपुर चौक पुलिस की बुलेट चालकों पर सख्ती, कई वाहन जब्त #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
