Damoj: 12 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर लेकर खंगाल रही ड्रग्स नेटवर्क की कड़ियां

मध्य प्रदेश के दमोह जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दमोह-सागर स्टेट हाईवे पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 12 लाख रुपये कीमत की स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लगभग 120 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद किया गया है। पुलिस अब दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। मुखबिर की सूचना पर हाईवे पर घेराबंदी पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने मंगलवार दोपहर कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सोमवार रात सागर नाका पुलिस चौकी को सूचना मिली थी कि दमोह-सागर मार्ग स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल ओवरब्रिज के पास दो युवक स्मैक बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी में मिली 119.95 ग्राम स्मैक पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 119.95 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 11 लाख 90 हजार रुपये से 12 लाख रुपये के बीच आंकी गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू उर्फ राजेंद्र कुमार मिश्रा (51) निवासी शोभानगर, दमोह और आशुतोष श्रीवास्तव (32) निवासी गोविंद विहार कॉलोनी, सागर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी स्मैक की बिक्री के उद्देश्य से ओवरब्रिज के पास मौजूद थे और संभावित ग्राहकों की तलाश कर रहे थे। पढे़ं:'साहब, शिकायत झूठी नहीं है' 200 के स्टांप के साथ जनसुनवाई पहुंचे फरियादी दो दिन की पुलिस रिमांड पर आरोपी मंगलवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उन्हें दो दिन की रिमांड पर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि स्मैक की खेप किस स्रोत से लाई गई थी और इसका वितरण किन क्षेत्रों में किया जाना था। ड्रग्स नेटवर्क पर पुलिस की नजर एसपी आनंद कलादगी ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका कार्रवाई में देहात थाना प्रभारी निरीक्षक अमित गौतम, सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम सिंह दांगी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रेस वार्ता के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया और सीएसपी एच.आर. पांडे भी मौजूद रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब जांच एजेंसियों की नजर इस बात पर है कि बरामद स्मैक के पीछे सक्रिय नेटवर्क कितना बड़ा है और इसके तार किन जिलों तक जुड़े हुए हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 02, 2026, 17:33 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Damoj: 12 लाख की स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर लेकर खंगाल रही ड्रग्स नेटवर्क की कड़ियां #CityStates #Crime #Damoh #MadhyaPradesh #DamohNews #DamohViralNews #DamohHindiNews #DamohLatestNews #SubahSamachar