Aligarh News: साइकिल चलाने का बढ़ा शौक, मगर शहर में नहीं सुरक्षित राह
फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का प्रतीक बन चुकी साइकिल की लोकप्रियता शहर में लगातार बढ़ रही है। बच्चों से लेकर युवाओं तक में स्पोर्ट्स और गियर साइकिल का आकर्षण बढ़ा है, लेकिन साइकिल चालकों के लिए सुरक्षित बुनियादी सुविधाएं अब भी नदारद हैं। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत विकसित दो किलोमीटर लंबे साइकिल ट्रैक में भी कई स्थानों पर पेड़ और अन्य अवरोध मौजूद हैं, जिससे इसकी उपयोगिता और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।शहर में करीब 100 किलोमीटर लंबी सड़कें हैं, लेकिन अधिकांश मार्गों पर साइकिल ट्रैक नहीं है। एएमयू सर्किल से घंटाघर तक विकसित स्मार्ट सड़क पर ही साइकिल ट्रैक बनाया गया है। हालांकि कई स्थानों पर ट्रैक बाधित, टेढ़ा-मेढ़ा और अतिक्रमण की समस्या से ग्रस्त है। ऐसे में नियमित साइकिल चालकों और बच्चों को सामान्य यातायात के बीच ही साइकिल चलानी पड़ती है।नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा का कहना है कि शहर की अधिकांश सड़कें संकरी हैं, इसलिए हर जगह साइकिल ट्रैक और फुटपाथ विकसित करना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि बौनेर कट से विकसित हो रही नई सड़क पर भी साइकिल ट्रैक बनाया जाएगा।गियर-स्पोर्ट्स साइकिल बच्चों की पहली पसंद रेलवे रोड के कारोबारी दीपक मित्तल के अनुसार अब साधारण साइकिलों की जगह गियर वाली माउंटेन बाइक, डिस्क ब्रेक, चौड़े टायर, रंगीन फ्रेम और स्पोर्ट्स डिजाइन वाले मॉडल अधिक पसंद किए जा रहे हैं। फोल्डेबल, बीएमएक्स स्टाइल, ई-साइकिल और थीम आधारित मॉडल भी बाजार में मांग में हैं। नौरंगाबाद के कारोबारी गौतम सिंह बताते हैं कि छुट्टियों के दौरान प्रतिदिन 15 से 20 साइकिल बिक रही हैं। करीब 80 फीसदी ग्राहक बच्चे हैं और बिक्री में पिछले वर्ष की तुलना में 40 फीसदी वृद्धि दर्ज की गई है।------मैं तो अभी अध्यक्ष बना हूं : विवेक अलीगढ़ साइक्लिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक बंसल का कहना है कि शहर में साइकिल ट्रैक नहीं है। स्मार्ट सिटी में इसका प्रावधान होना चाहिए। डेढ़ महीने पहले साइक्लिंग प्रतियोगिता आयोजित कराई गई थी। इसमें तमाम अड़चनें आई थीं। इस बारे में एसोसिएशन की ओर से नगर आयुक्त को एक ज्ञापन भी दिया गया है, जिसमें शहर की सड़कों पर साइकिल ट्रैक बनाने की मांग रखी गई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 03, 2026, 02:42 IST
Aligarh News: साइकिल चलाने का बढ़ा शौक, मगर शहर में नहीं सुरक्षित राह #AligarhNews #WorldBicycleDay #SubahSamachar
