दोस्ती, प्यार और फिर धोखा: युवती की बातों में आया चंडीगढ़ का युवक और लुटा बैठा विदेश की कमाई, 46 लाख की ठगी

ऑनलाइन मैट्रिमोनियल साइट के जरिए दोस्ती कर एक युवती ने यूरोप में नौकरी करने वाले युवक से करीब 46 लाख रुपये ठग लिए। युवक अपने पिता की बीमारी के कारण इन दिनों चंडीगढ़ में रह रहा था। मामले की शिकायत मिलने पर साइबर सेल पुलिस स्टेशन चंडीगढ़ ने अज्ञात महिला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-32सी निवासी साहब सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने एक वैवाहिक वेबसाइट पर प्रोफाइल बनाई थी। इसी दौरान उनकी पहचान खुद को श्रुति सिंह बताने वाली महिला से हुई। महिला ने दावा किया कि वह मुंबई की एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल है और शादी में रुचि रखती है। कुछ समय तक बातचीत के बाद महिला ने इटली में निवेश का प्रस्ताव रखा और कम समय में अधिक मुनाफे का लालच दिया। भरोसा जीतने के लिए उसने एक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करवाया और अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करने को कहा। पीड़ित ने आरटीजीएस के माध्यम से विभिन्न तिथियों में करीब 46 लाख रुपये जमा करा दिए। जब पीड़ित ने निवेश की राशि वापस मांगी तो महिला ने और पैसे जमा करने का दबाव बनाया। संदेह होने पर युवक ने भुगतान रोक दिया। इसके बाद आरोपी महिला फोन और संदेशों के जरिए लगातार दबाव बनाती रही। खुद को ठगा महसूस होने पर पीड़ित ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साइबर सेल की टीम बैंक खातों, ट्रांजेक्शन डिटेल और मोबाइल नंबरों की जांच में जुटी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 27, 2026, 20:05 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




दोस्ती, प्यार और फिर धोखा: युवती की बातों में आया चंडीगढ़ का युवक और लुटा बैठा विदेश की कमाई, 46 लाख की ठगी #Crime #Chandigarh #CyberFraud #SubahSamachar