Una News: अंब में ज्वेलर की दुकान से ग्राहक के डेढ़ लाख रुपये चोरी
अंब (ऊना)। अंब चौक स्थित एक ज्वेलर की दुकान में खरीदारी करने पहुंचे परिवार के बैग से डेढ़ लाख रुपये की नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। चोरी का आरोप दो महिलाओं पर लगा है, जो एक छोटी बच्ची के साथ दुकान में पहुंची थीं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार कुठेड़ा खैरला निवासी मंगल सिंह अपनी पत्नी और बेटे के साथ अंब चौक स्थित ज्वेलर की दुकान में गहने खरीदने पहुंचे थे। परिवार ने अपना बैग दुकान में सोफे पर रखा था। बैग में 50-50 हजार रुपये की तीन गड्डियां थीं। परिवार के सदस्य जब जेवरात देखने में व्यस्त थे, उसी दौरान दो महिलाओं में से एक ने मौका पाकर बैग से नकदी निकाल ली। इसके बाद दोनों महिलाएं बच्ची के साथ दुकान से निकल गईं। मंगल सिंह को चोरी का पता शाम के समय बैग देखने पर चला। इसके बाद वह तुरंत दुकान पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज में महिलाओं की संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई।एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्ध महिलाओं की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 12, 2026, 23:30 IST
Una News: अंब में ज्वेलर की दुकान से ग्राहक के डेढ़ लाख रुपये चोरी #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
