सिरमौर: कर्णप्रयाग विवाद पर हुई महत्वपूर्ण बैठक, शांति-संवाद से समाधान निकालने पर सहमति
कर्णप्रयाग प्रकरण के बाद उत्तराखंड में बने तनावपूर्ण माहौल के बीच शुक्रवार को उत्तराखंड प्रशासन और निहंग सिख समुदाय के प्रतिनिधियों के बीच सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक माहौल में महत्वपूर्ण वार्ता हुई। बैठक में दोनों पक्षों ने शांति बनाए रखने और संवाद के माध्यम से समाधान निकालने पर सहमति जताई। प्रशासन को उम्मीद है कि आपसी सहयोग से जल्द ही स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी। निहंग प्रतिनिधियों ने कहा कि कर्णप्रयाग घटना में दोनों पक्षों से गलती हुई है और आपसी समझौते के जरिये मामले का समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे कानून-व्यवस्था खराब नहीं करना चाहते, बल्कि भाईचारा और प्रेम का संदेश लेकर आए हैं। उन्होंने मांग रखी कि गिरफ्तार किए गए चार निहंग सिंहों की रिहाई होने तक वह वापस नहीं लौटेंगे। शुक्रवार को भी उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम जारी रहे। गौरतलब है कि वीरवार को पंजाब से निहंगों का एक जत्था हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब गुरुद्वारे पहुंचा था। जत्था उत्तराखंड रवाना होने पर अड़ा रहा। दिन के समय उत्तराखंड प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कई चरणों में बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वार्ता किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी। देर शाम निहंगों ने कुल्हाल बैरियर की ओर कूच किया। उत्तराखंड पुलिस की रणनीति और कड़े सुरक्षा इंतजामों के बावजूद निहंगों का जत्था बैरिकेड हटाकर उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश कर गया। इससे देर रात तक सीमा क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। हालांकि, रात करीब 2:30 बजे प्रशासन और निहंग प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक के बाद जत्थे को वापस पांवटा साहिब गुरुद्वारे भेज दिया गया। कुल्हाल बैरियर पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती के चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी बीच शुक्रवार को हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, अल्मोड़ा के एसएसपी हरबंस सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी गुरुद्वारा पांवटा साहिब पहुंचे। इस दौरान डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र सिंह और थाना प्रभारी कुलवंत सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों और निहंग प्रतिनिधियों के बीच विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा हुई, जिसके बाद उत्तराखंड के अधिकारी वापस लौट गए, जबकि पंजाब से आया निहंगों का जत्था गुरुद्वारा पांवटा साहिब में ही रुका हुआ है। बैठक के बाद हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि निहंग सिंहों के साथ शांति वार्ता सफलतापूर्वक संपन्न हुई है। निहंग सिंहों ने भी शांति बनाए रखने और किसी भी परिस्थिति में कानून को हाथ में नहीं लेने का आश्वासन दिया है। वार्ता सफल रहने के बाद फिलहाल माहौल शांतिपूर्ण बना हुआ है। वहीं, निहंग प्रतिनिधि जगदीप सिंह अकाली ने कहा कि उत्तराखंड प्रशासन के साथ सकारात्मक चर्चा हुई है और प्रशासन ने उनकी सभी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने दो दिन का समय मांगा है, जिसके चलते अगले दो दिन तक उत्तराखंड जाने को लेकर कोई कदम नहीं उठाया जाएगा। जगदीप सिंह ने कहा कि यदि दो दिनों के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती और गिरफ्तार निहंग सिंहों को रिहा नहीं किया जाता, तो आगे की रणनीति पर अमल किया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 26, 2026, 18:39 IST
सिरमौर: कर्णप्रयाग विवाद पर हुई महत्वपूर्ण बैठक, शांति-संवाद से समाधान निकालने पर सहमति #CityStates #Shimla #Sirmour #KarnaprayagDispute #SubahSamachar
