Una News: घरेलू गैस के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग के कार्यालय में उमड़ी भीड़
अंब(ऊना)। ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मचे घमासान का असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखने लगा है। विशेष रूप से ईरान की तेल रिफाइनरियों पर हमलों की खबरों के बाद आम जनता में घरेलू गैस की आपूर्ति को लेकर चिंता गहरा गई है। भारत में इंडस्ट्रियल डीजल और स्पेशल पेट्रोल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी ने इस डर को और बढ़ा दिया है, जिसके चलते लोग भविष्य में किल्लत की आशंका के कारण अभी से सिलिंडर जमा करने की कोशिश कर रहे हैं।इसी घबराहट के बीच शनिवार को ईद की छुट्टी होने के बावजूद अंब स्थित खाद्य आपूर्ति विभाग के कार्यालय के पास भारी भीड़ देखने को मिली। जैसे ही लोगों को पता चला कि ट्रैक्टरों के माध्यम से सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। लोग अपने खाली सिलिंडर लेकर वहां पहुंचना शुरू हो गए। देखते ही देखते वहां उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग गईं और काफी समय तक वहां गहमागहमी का माहौल बना रहा। राहत की बात यह रही कि आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में थी और कतार में लगे लोगों को सिलिंडर मिल गए। क्षेत्र में स्थिति यह है कि जहां भी गैस एजेंसी के वाहनों द्वारा सप्लाई की सूचना मिल रही है। लोग काम-धंधा छोड़कर गैस भरवाने के लिए उमड़ रहे हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से पर्याप्त स्टाक होने का आश्वासन दिया जा रहा है। एसडीएम अंब पारस अग्रवाल का कहना है कि तय किए गए शेड्यूल के हिसाब से लोगों को गैस की आपूर्ति की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 21, 2026, 18:50 IST
Una News: घरेलू गैस के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग के कार्यालय में उमड़ी भीड़ #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
