Haridwar News: दो पक्षों में पथराव और मारपीट के मामले में क्रॉस प्राथमिकी दर्ज

संवाद न्यूज एजेंसीहरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला घोसियान में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद हुए जमकर पथराव और मारपीट के मामले में पुलिस ने क्रॉस प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एक तरफ से 20 तो दूसरी तरफ से छह लोगों को नामजद करते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अली नवाज पुत्र दिलशाद निवासी मोहल्ला घोसियान ने शिकायत में बताया कि उसके मामा के बेटे दानिश का सुहेल से पहले किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौते के लिए बातचीत तय हुई थी। तीन मार्च की शाम जब वह अपने पिता शमशाद, भाई सरफराज, ममेरे भाई दानिश और ताऊ के बेटे शाहिद के साथ मौके पर पहुंचे तो दूसरे पक्ष के मुकर्रम, शोएब, बाबू, सुहेल, मोन्टी और अजहर पहले से ही मौजूद थे। आरोप है कि सभी ने लोहे की रॉड, लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में अली नवाज, उसके पिता दिलशाद, दानिश, सरफराज और शाहिद गंभीर रूप से घायल हो गए। दिलशाद की हालत गंभीर होने पर एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।वहीं दूसरे पक्ष के फैसल पुत्र हाजी मुकर्रम अली निवासी मोहल्ला घोसियान ने पुलिस को बताया कि शाम वह अपने दोस्त अजहर, उमर के साथ मदरसे के बाहर खड़ा था। तभी दिलशाद अपने साथ राव दानिश, राव सुहेल, अली नवाज, सरफराज गुज्जर, सावेज, शहनवाज, नौशाद, नाजिम, सलीम, सद्दाम, मेहरबान, लियाकत, आरिफ, आदिल, अफजल, सलमान मंसूरी, शहराज, आकेश उर्फ भोला, सोनू निवासी अहबाबनगर घोसियान को लेकर आया। आरोप है कि सभी ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और पथराव शुरू कर दिया, जिससे वह और उसके साथी घायल हो गए। पथराव में मोहल्ले में खड़ी कुछ कारों के शीशे भी टूट गए। सभी उसके घर में घुस गए और वहां भी मारपीट की। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि इस संबंध में क्रॉस प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 05, 2026, 16:52 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Haridwar News: दो पक्षों में पथराव और मारपीट के मामले में क्रॉस प्राथमिकी दर्ज #CrossFIRLodgedInCaseOfStonePeltingAndAssaultBetweenTwoParties #SubahSamachar