Hamirpur (Himachal) News: दुकानों की सबलेटिंग पर सख्ती, नगर निगम ने गठित की कमेटी
सचित्र : 15 अगस्त तक नगर निगम के अधिकारियों को सौंपनी होगी रिपोर्टचार सदस्यीय कमेटी के सदस्य दुकानों में जाकर करेंगे दुकानदारों की वेरीफिकेशनसंवाद न्यूज एजेंसीहमीरपुर। नगर निगम क्षेत्र में दुकानों की सबलेटिंग के मामले सामने आने के बाद निगम प्रशासन ने जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। ऐसे दुकानदारों पर शिकंजा कसने के लिए नगर निगम ने अतिरिक्त आयुक्त की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। समिति को 15 अगस्त तक अपनी विस्तृत रिपोर्ट नगर निगम आयुक्त को सौंपने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।नगर निगम की ओर से गठित समिति शहर की सभी संदिग्ध दुकानों का निरीक्षण करेगी। जांच के दौरान यह सत्यापित किया जाएगा कि जिन लोगों को दुकानें आवंटित की गई हैं, वे स्वयं व्यवसाय कर रहे हैं या फिर दुकानें नियमों के विरुद्ध किसी अन्य व्यक्ति को किराये या सबलेट पर दी गई हैं। समिति दुकानदारों से आवंटन संबंधी दस्तावेज, पहचान पत्र तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की भी जांच करेगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित पक्षों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। नगर निगम क्षेत्र में अब तक छह दुकानों में सबलेटिंग के मामले सामने आ चुके हैं। इसके बाद नगर निगम ने पूरे शहर में व्यापक जांच कराने का निर्णय लिया है, ताकि यदि अन्य दुकानों में भी नियमों का उल्लंघन हो रहा हो तो उसका पता लगाया जा सके। बता दें कि इन दुकानों को पुराने किराये पर आवंटित किया गया है। दुकानदारों के अनुसार इन दुकानों का किराया मात्र एक हजार रुपये तय किया गया है, लेकिन लोगों ने इन दुकानों को आगे किराये पर दोगुना किराये पर चढ़ा दिया है। कोट : सबलेटिंग मामले में कठोरता के साथ कार्य किया जाएगा। रिपोर्ट के आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों को दुकानें छोड़नी पड़ेंगी। सबलेटिंग को किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। -राकेश कुमार शर्मा, आयुक्त नगर निगम हमीरपुर
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 27, 2026, 17:31 IST
Hamirpur (Himachal) News: दुकानों की सबलेटिंग पर सख्ती, नगर निगम ने गठित की कमेटी #CrackdownOnShopSubletting;MunicipalCorporationFormsACommittee. #SubahSamachar
