Kullu News: छह दिन बाद जलोड़ी दर्रा से दौड़ीं निगम की बसें
छह दिन बाद जलोड़ी दर्रा से दौड़ीं निगम की बसें70 पंचायतों सहित चार जिलों के लोगों को मिली राहत एनएच ने 10 किमी से बर्फ हटाकर बहाल किया हाईवे-305 संवाद न्यूज एजेंसी कुल्लू। बाह्य सराज की 70 पंचायतों की जीवनरेखा औट-बंजार-सैंज हाईवे-305 पर छह दिन बाद बस सेवा शुरू हो गई है। पिछले सप्ताह हुई बर्फबारी से बंद जलोड़ी दर्रा से सरपट दौड़ीं निगम की बसों से लोगों को काफी राहत मिली है। एनएच पर 10 किलोमीटर तक गिरी एक फीट बर्फ हटाकर हाईवे को बहाल कर दिया गया है।बुधवार सुबह कुल्लू से आनी-रामपुर-बागासराहन के अलावा कुल्लू से बागीपुल, कुल्लू-आनी-रामपुर, कुल्लू-आनी-दलाश रूट पर बसें रवाना हुईं जबकि आनी और रामपुर में फंसीं चार बसें भी छठे दिन कुल्लू पहुंची हैं। हालांकि, निगम इन बसों का संचालन आनी क्षेत्र में ही कर रहा था। बसों की आवाजाही जलोड़ी दर्रा से होने से लोगों ने खुशी जाहिर की है। स्थानीय लोगों तेज राम, बुद्धि सिंह राणा, भागे राणा, कुमार सिंह, जगदीश ठाकुर, हितेंद्र साहसी, प्रेम लाल, निक्का राम और सुनील ने कहा कि जलोड़ी दर्रा से गुजरने वाला हाईवे-305 बाह्य सराज के लोगों को जिला मुख्यालय से जोड़ता है। हाईवे-305 पर एक दिन में 11 बसों का संचालन होता है और रोज करीब 500 लोग बसों में सफर करते हैं। उन्होंने कहा कि अब यह मार्ग डबललेन होना चाहिए जिससे लोगों का आवागमन आसान हो सके। पिछले सप्ताह हुई बर्फबारी से जलोड़ी दर्रा के दोनों तरफ करीब 10 किलोमीटर सड़क पर करीब एक फुट बर्फ जम गई थी। एनएच अथॉरिटी ने मशीनरी तैनात कर 10 किमी से बर्फ को हटाकर इसे बसों के लिए बहाल किया है। एनएच-305 के अधिशासी अभियंता केएल सुमन ने कहा कि बर्फ को हटाकर सड़क बसों के लिए बहाल कर दी गई है। एचआरटीसी कुल्लू के उपमंडलीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि जलोड़ी दर्रा से सभी बसों को शुरू कर दिया है। आानी में फंसीं बसों को भी निकाला दिया गया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 25, 2026, 17:40 IST
Kullu News: छह दिन बाद जलोड़ी दर्रा से दौड़ीं निगम की बसें #CorporationBusesStartedRunningFromJaloriPassAfterSixDays #SubahSamachar
