Una News: अंब में लैब और दुकान से एसी की कॉपर वायर चोरी
बडूही/अंब (ऊना)। उपमंडल अंब के तहत बीती रात चोरों ने बिशन दास कांप्लेक्स में दुकानों को निशाना बनाते हुए एसी की कॉपर वायर चोरी कर ली। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में चिंता है। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने देविंद्र शर्मा की फ्रेंड्स लैब तथा सूरज कुमार की दुकान के बाहर लगे एयर कंडीशनर (एसी) की आउटर यूनिट से कॉपर वायर निकाल ली। वारदात देर रात उस समय हुई जब दोनों प्रतिष्ठान बंद थे और आसपास आवाजाही भी नहीं थी।सुबह जब दोनों प्रतिष्ठानों के मालिक अपने-अपने संस्थानों पर पहुंचे तो एसी की आउटर यूनिट क्षतिग्रस्त मिली। जांच करने पर पता चला कि उसमें लगी कॉपर वायर चोरी हो चुकी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के दुकानदार भी मौके पर एकत्र हो गए और चोरी की इस वारदात पर चिंता जताई।व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। चोरी की इस घटना में शामिल आरोपियों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि की है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 26, 2026, 23:34 IST
Una News: अंब में लैब और दुकान से एसी की कॉपर वायर चोरी #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
