अमरनाथ यात्रा: 23वें जत्थे का काफिला चंदरकोट से रवाना, कड़ी सुरक्षा के बीच पवित्र गुफा की ओर बढ़े श्रद्धालु
अमरनाथ यात्रा के 23वें जत्थे का काफिला राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (एनएच-44) पर चंदरकोट से पवित्र गुफा की ओर सफलतापूर्वक रवाना हुआ। जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के बीच श्रद्धालुओं का काफिला आगे बढ़ा। अमरनाथ यात्रा लगातार श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी है। बता दें कि बीते दिन जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से 2051 श्रद्धालुओं का जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पवित्र गुफा के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालुओं में 1,570 पुरुष, 369 महिलाएं, 58 साधु, 21 साध्वियां, दो बच्चे, एक साधु बालक तथा 30 विदेशी श्रद्धालु (14 पुरुष और 16 महिलाएं) शामिल रहे। भगवती नगर में रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। दिनभर देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालु पंजीकरण और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के लिए तवी रिवर स्थित पंजीकरण केंद्र पहुंच रहे हैं। यात्रा को लेकर यात्री निवास में सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, भोजन, स्वास्थ्य जांच, पेयजल तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां यात्रा को सुचारु एवं सुरक्षित ढंग से संचालित करने के लिए लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।गांधीनगर श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, अग्रवाल सभा और अन्य मंदिरों में भी अमरनाथ यात्रियों के लिए निशुल्क व्यवस्था की गई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 30, 2026, 08:15 IST
अमरनाथ यात्रा: 23वें जत्थे का काफिला चंदरकोट से रवाना, कड़ी सुरक्षा के बीच पवित्र गुफा की ओर बढ़े श्रद्धालु #CityStates #JammuAndKashmir #SubahSamachar
