Una News: बीडीसी सनोली वार्ड के चुनाव परिणाम को लेकर विवाद, प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी
संतोषगढ़ (ऊना)। ऊना ब्लॉक समिति वार्ड नंबर-24 सनोली के चुनाव परिणाम को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने मतगणना प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए प्रशासन पर धांधली के आरोप लगाए हैं। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।ग्रामीणों के अनुसार ब्लॉक समिति वार्ड-24 की मतगणना ऊना के राजकीय महाविद्यालय में की गई थी। आरोप है कि प्रारंभिक मतगणना के बाद एसडीएम ऊना की ओर से तृप्ता देवी पत्नी बलिराम को 15 मतों से विजयी घोषित किया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि उस समय तृप्ता देवी को 811 तथा उनकी प्रतिद्वंद्वी चरण कौर को 796 मत प्राप्त हुए थे जबकि 50 मत नोटा अथवा निरस्त बताए गए थे।आरोप है कि जब तृप्ता देवी के काउंटिंग एजेंट विजय प्रमाण पत्र लेने के लिए पहुंचे तो उन्हें कुछ समय प्रतीक्षा करने को कहा गया। इसके बाद पुनर्मतगणना (रिकाउंटिंग) की बात कही गई। ग्रामीणों का दावा है कि करीब डेढ़ घंटे तक मतगणना प्रक्रिया रुकी रही और बाद में अलग-अलग तथा दूर-दूर स्थित टेबलों पर पुनर्गणना करवाई गई।ग्रामीणों का आरोप है कि पुनर्मतगणना के बाद परिणाम पूरी तरह बदल दिए गए। उनके अनुसार अंतिम परिणाम में चरण कौर को 845 तथा तृप्ता देवी को 754 मत दर्शाए गए जबकि नोटा एवं निरस्त मतों की संख्या 58 बताई गई। आरोप लगाने वालों का कहना है कि जो प्रत्याशी पहले 15 मतों से विजयी घोषित किया गया था, उसे बाद में 91 मतों से पराजित दिखाया गया।नवनियुक्त ग्राम पंचायत सनोली के प्रधान जरनैल सिंह तथा उपप्रधान पवन दीवान ने आरोप लगाया कि उनकी प्रत्याशी तृप्ता देवी को प्रशासन ने सरकार के दबाव में हराया है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी तथा न्यायालय में याचिका दायर की जाएगी।सोमवार को सनोली में सैकड़ों ग्रामीण एकत्रित हुए और प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि यदि मामले की पारदर्शी जांच नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।इस अवसर पर सनोली के प्रधान जरनैल सिंह, उपप्रधान पवन दीवान, पूर्व प्रधान जसवीर कौर, पूर्व युवा मोर्चा प्रधान राजेश कौशल, महेश मांगू, हरप्रीत खंडो, सेवानिवृत्त डी.एस.पी करनैल सिंह, रविंद्र बिट्टू, राम स्वरूप, कुलवंत सिंह राणा, मनीष दीवान, स्नेह लता दीवान, बलीराम रीहल, तृप्ता देवी, राजेंद्र रीहल, शिव कुमार गौड़, पवन कौशल, राजेश शर्मा, हनी मनकू, विशाल रीहल, नीतीश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।इस मामले पर ऊना के तहसीलदार विपिन ठाकुर का कहना है कि वोटों की गिनती में धांधली के आरोप निराधार हैं, पहली बार जो वोटों की गिनती हुई थी, वह गलत थी और उम्मीदवार के आग्रह करने पर वोटों की दोबारा से गिनती की गई और उसके बाद दूसरे उम्मीदवार द्वारा फिर से वोटों की गिनती करने के लिए कहा गया, फिर दूसरी बार गणना करने के उपरांत ही चुनाव का नतीजा घोषित किया गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 01, 2026, 19:50 IST
Una News: बीडीसी सनोली वार्ड के चुनाव परिणाम को लेकर विवाद, प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
