अनुबंधित कर्मचारियों का शोषण हो रहा : राकेश शर्मा
संवाद न्यूज एजेंसीउचाना। अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा की बैठक उचाना सब डिवीजन में हुई। बैठक की अध्यक्षता डिवीजन सचिव मेहर सिंह श्योकंद ने की, जबकि संचालन नरेंद्र रेढ़ू ने किया। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुईं तो पीएम के कार्यक्रम का भी विरोध करेंगे। डिवीजन अध्यक्ष राकेश शर्मा ने कहा कि विभाग में अनुबंधित कर्मचारियों का लंबे समय से शोषण हो रहा है। आरोप लगाया कि कई कर्मचारी वर्ष 2021 से लगातार सेवा दे रहे हैं लेकिन पांच वर्षों में उनके वेतन में एक रुपये तक की वृद्धि नहीं हुई। महंगाई के इस दौर में पुराने वेतन पर काम करने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। जिला सचिव योगेश शर्मा ने कहा कि यदि कर्मचारियों की 24 सूत्री मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगा। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को अंबाला में बिजली मंत्री अनिल विज के प्रस्तावित घेराव में जींद जिले से 600 से अधिक अनुबंधित कर्मचारी भाग लेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित जींद दौरे के दौरान भी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराने से पीछे नहीं हटेंगे। बैठक में सर्वसम्मति से उचाना सब डिवीजन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें मेहर सिंह श्योकंद को अध्यक्ष, प्रवीण श्योकंद को उपाध्यक्ष, महेंद्र नापा को सचिव, राममेहर मोर को सह-सचिव, बॉबी चहल को कार्यकारिणी अध्यक्ष, श्रीराम शर्मा को कोषाध्यक्ष, मनोज श्योकंद को संगठनकर्ता तथा नरेंद्र रेढ़ू को सलाहकार चुना गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 14, 2026, 13:42 IST
अनुबंधित कर्मचारियों का शोषण हो रहा : राकेश शर्मा #ContractualEmployeesAreBeingExploited:RakeshSharma #SubahSamachar
