Greater Noida: निर्माणाधीन इमारत में शटरिंग गिरने से दो कामगारों की मौत, हिरासत में ठेकेदार और सुपरवाइजर
ग्रेटर नोएडा सेक्टर-142 कोतवाली क्षेत्रांतर्गत एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में कार्य के दौरान हादसा हो गया। निर्माण कार्य के दौरान अचानक बिल्डिंग की शटरिंग गिर गई, जिसकी चपेट में आकर वहां काम कर रहे दो कामगार नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घायल दोनों मजदूरों को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अभी की जा रही है। साथ ही उनके परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई भी पुलिस द्वारा की जा रही है। एसीपी सेंट्रल नोएडा राजीव गुप्ता का कहना है कि घटना के संबंध में निर्माण स्थल पर मौजूद दो सुपरवाइजर व ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। शटरिंग गिरने के पीछे लापरवाही व तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रचलित है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 08, 2026, 10:05 IST
Greater Noida: निर्माणाधीन इमारत में शटरिंग गिरने से दो कामगारों की मौत, हिरासत में ठेकेदार और सुपरवाइजर #CityStates #Noida #GreaterNoida #SubahSamachar
