Kurukshetra News: गैस किल्लत पर उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा राजगढ़-अंबाला रोड पर दो घंटे लगाया जाम
पिहोवा। एलपीजी गैस सिलिंडरों की किल्लत के कारण कई दिनों से एजेंसियों के बाहर लाइनों में लग रहे नाराज उपभोक्ता शनिवार को नेशनल हाइवे 152 राजगढ़-अंबाला रोड पर एकत्रित हो गए और करीब दो घंटे तक जाम लगाए रखा। इस दौरान लोगों ने सिलिंडर लेकर प्रदर्शन किया और एजेंसियाें व सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण नेशनल हाइवे पर यातायात बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पिछले कई दिनों से उन्हें गैस सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिसके कारण घरों में खाना बनाना भी मुश्किल हो गया है। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बुकिंग के बावजूद समय पर सिलिंडर की डिलीवरी नहीं हो रही, जबकि कुछ जगहों पर खुलेआम सिलिंडर दिए जा रहे हैं। प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस बल व अधिकारी मौके पर पहुंचे और आश्वासन दिया कि सिलिंडरों की आपूर्ति को जल्द सुचारू कर दी जाएगी। करीब दो घंटे के प्रदर्शन के बाद प्रशासन के आश्वासन पर लोगों ने जाम खोल दिया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि एलपीजी गैस सिलिंडर व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए। प्रदर्शन में शामिल एक महिला ने बताया कि उनकी बेटी की आज शादी है। परंतु उनके पास सिलिंडर नहीं है, जिससे बरातियों के लिए खाना पकाने की समस्या हो गई है। जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक नरेश कुमार ने कहा कि एलपीजी गैस के संबंध में किसी भी प्रकार की शिकायत व समस्या के लिए जिला खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग द्वारा टोल फ्री नंबर 01744-294418 जारी किया है। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक कोई भी उपभोक्ता इस नंबर पर फोन करके अपनी रिपोर्ट दर्ज करवा सकता है। इस टोल फ्री नंबर के लिए विभाग के कर्मचारी राघव व रोहित की ड्यूटी तय की है। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा का कहना है कि सिलिंडरों की कालाबाजारी, जमाखोरी व अनाधिकृत प्रयोग रोकने के लिए उपमंडल स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए हैं। ये नोडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में जांच करेंगे। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 29, 2026, 03:15 IST
Kurukshetra News: गैस किल्लत पर उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा राजगढ़-अंबाला रोड पर दो घंटे लगाया जाम #ConsumersExpressedAngerOverGasShortageAndBlockedTheRajgarh-AmbalaRoadForTwoHours. #SubahSamachar
