पालमपुर में इस बार भी कांग्रेस ही जीतेगी नगर निगम चुनाव : मुकेश
पालमपुर (कांगड़ा)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दावा किया है कि आगामी नगर निगम चुनाव के बाद पालमपुर में एक बार फिर कांग्रेस का ही महापौर और उपमहापौर बनेगा। रविवार को पालमपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यहां के विधायक आशीष बुटेल की मिलनसार कार्यप्रणाली और प्रदेश में कांग्रेस सरकार की मजबूती पार्टी की जीत सुनिश्चित करेगी।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आशीष बुटेल बेहद सहज व्यक्तित्व के धनी हैं और अपने क्षेत्र के एक-एक व्यक्ति को नाम से जानते हैं। उन्होंने बुटेल परिवार के राजनीतिक इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि बुटेल परिवार राजनीति का खजाना है, जो दर्जनों चुनाव जीत चुका है। आशीष ने बहुत कम समय में अपने काम के दम पर राजनीति में स्वयं को स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा यहां हर बार चेहरा बदल देती है, लेकिन आशीष बुटेल का कोई विकल्प उनके पास नहीं है। पिछली चुनावी जीत को दोहराने का विश्वास जताते हुए अग्निहोत्री ने कहा कि पिछली बार भाजपा को नगर निगम में केवल दो सीटें मिली थीं, लेकिन इस बार वह भी नहीं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि राजनीति में पार्टी के साथ व्यक्ति की काबिलियत भी देखी जाती है और कांग्रेस ने सही उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है।मुकेश अग्निहोत्री ने मतदाताओं को भरोसा दिलाया कि पालमपुर में कांग्रेस का नगर निगम बनने से विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि यहां विधायक आशीष बुटेल हैं और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है, जिससे विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं आएगी। इस अवसर पर विधायक आशीष बुटेल, ज्वालामुखी के विधायक संजय रत्न और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष त्रिलोक चंद सहित कई अन्य नेता उपस्थित रहे
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 10, 2026, 20:52 IST
पालमपुर में इस बार भी कांग्रेस ही जीतेगी नगर निगम चुनाव : मुकेश #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar
