'22 लाख बच्चों का भविष्य दांव पर': राहुल बोले- प्रधान के इस्तीफे तक नहीं रुकेंगे; NEET मामले पर सरकार को घेरा

नीट-यूजी परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस तब तक शांत नहीं बैठेगी, जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह सुरक्षित नहीं बनाया जाता। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हैदराबाद में छात्रों के प्रदर्शन का एक वीडियो साझा किया। प्रदर्शनकारी छात्र नीट पेपर लीक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ भी नारे लगाए गए। राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा कि जब लाखों युवा सड़कों पर हों, 22 लाख छात्रों का भविष्य दांव पर लगा हो और प्रधानमंत्री चुप रहें, तो यह साफ दिखाता है कि सरकार जवाब देने के बजाय बचने में लगी है। जब लाखों युवा सड़क पर हों, 22 लाख बच्चों का भविष्य दांव पर हो और PM चुप हो - तो सरकार जवाब देने नहीं, बचने में लगी है। जब तक धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होता और NEET जैसे पेपर लीक रोकने के लिए foolproof सिस्टम नहीं बनता - हम रुकेंगे नहीं।pic.twitter.com/6KrhfUqDkL — Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 24, 2026 उन्होंने कहा "जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते और नीट जैसे पेपर लीक रोकने के लिए मजबूत और फुलप्रूफ व्यवस्था लागू नहीं होती, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।"गौरतलब है कि कांग्रेस लगातार नीट-यूजी परीक्षा रद्द होने के बाद शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रही है। विपक्ष का आरोप है कि सरकार परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और सुरक्षा बनाए रखने में विफल रही है। राहुल गांधी के NDA सरकार गिरने वाले बयान पर फडणवीस का तंज वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी के एनडीए सरकार गिरने वाले बयान को लेकर पलटवार किया। नागपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए फडणवीस ने कहा कि राहुल गांधी की बातें सिर्फ 'मुंगेरीलाल के हसीन सपने'जैसी हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह दावा कि मोदी सरकार एक साल के भीतर गिर जाएगी, पूरी तरह कल्पना और दिवास्वप्न है। फडणवीस नागपुर में गोदाम लॉजिस्टिक्स पार्क के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे, जहां केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की नई लॉजिस्टिक्स नीति के कारण नागपुर देश का प्रमुख लॉजिस्टिक्स हब बनता जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक लॉजिस्टिक्स पार्क बनने से उद्योगों की लागत घटेगी और भारतीय कंपनियां वैश्विक सप्लाई चेन में अधिक प्रतिस्पर्धी बन सकेंगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 24, 2026, 16:02 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




'22 लाख बच्चों का भविष्य दांव पर': राहुल बोले- प्रधान के इस्तीफे तक नहीं रुकेंगे; NEET मामले पर सरकार को घेरा #IndiaNews #National #NeetPaperLeak #RahulGandhi #SubahSamachar