Chamba News: नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस ने बोला हल्ला
नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस ने बोला हल्लाडीसी के जरिये राष्ट्रपति को ज्ञापन भेज जांच की मांग24 लाख अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में : सुरजीतसंवाद न्यूज एजेंसी चंबा। नीट प्रवेश परीक्षा के पेपर लीक होने के मामले में कांग्रेस ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। साथ ही उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को इस संबंध में एक ज्ञापन भेजकर उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई। कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को युवाओं के भविष्य को लेकर जरा भी चिंता नहीं है। हाल ही में नीट प्रवेश परीक्षा के पेपर लीक होने की वजह से 24 लाख अभ्यर्थी युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है। कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में हमेशा बेरोजगार युवाओं के लिए अपनी आवाज उठाई है। दो वर्ष पहले भी नीट की परीक्षा का पेपर लीक होने की वजह से परीक्षा निरस्त हो गई थी। तब भी कांग्रेस ने तत्कालीन घटना की जांच की मांग उठाई थी जो आज दिन तक पूरी नहीं हुई है। दो साल बाद वर्तमान घटना ने तो लाखों युवाओं का केंद्रीय परीक्षा एजेंसियों पर विश्वास ही खत्म कर दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष करतार सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा विभाग को पारदर्शिता के साथ इस परीक्षा का आयोजन करना चाहिए था लेकिन वह इसमें पूरी तरह से विफल रहा है। अब इस पेपर लीक मामले ने केंद्रीय विभागों और केंद्रीय जांच एजेंसियों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के साथ खड़ी है। इस मौके पर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष ज्ञान सिंह, जगदीश हांडा, महासचिव एवं पार्षद रजनी शर्मा, जितेंद्र सूर्या, अशोक कुमार, अमित मीतू, सेवादल अध्यक्ष महासू राम, केवल कुमार, पीएल ठाकुर, सुभाष ठाकुर, महासचिव महेंद्र कुमार, पूर्व यूथ अध्यक्ष भरमौर अनिल लमलैल, सेवादल अध्यक्ष भूपेंद्र राजू आदि मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 02, 2026, 15:52 IST
Chamba News: नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस ने बोला हल्ला #CongressProtestsAgainstNEETPaperLeak #SubahSamachar
