Hamirpur (Himachal) News: नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का हल्ला बोल
हमीरपुर। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को हमीरपुर के गांधी चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौड़ के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भी भेजा गया, जिसमें मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई।जिला अध्यक्ष सुमन भारती ने कहा कि नीट पेपर लीक देश को शर्मसार करने वाली घटना है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इसकी जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्हाेंने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं से देश के लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिह्न लगा है।उन्होंने कहा कि युवा वर्ग लंबे समय से विभिन्न भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं में अनियमितताओं का सामना कर रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से छात्रों के हितों की रक्षा करने तथा परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की मांग की। इस अवसर पर मार्केटिंग बोर्ड के चेयरमैन कुलदीप सिंह पठानिया, पूर्व विधायक अनीता वर्मा, हमीरपुर जिला के विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष होशियार सिंह, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक संधू सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 02, 2026, 22:44 IST
Hamirpur (Himachal) News: नीट पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का हल्ला बोल #HamirpurNewsHpNews #SubahSamachar
