Una News: पिछली बरसात में टूटी थड़ा-पंजोआ सड़क की अब तक नहीं सुधरी हालत
ऊना। उपमंडल अंब के तहत थड़ा-पंजोआ संपर्क मार्ग पिछले वर्ष बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त होने के बाद आज तक दोबारा ठीक नहीं हो पाया है। मार्ग की स्थायी मरम्मत न होने से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विभाग द्वारा पिछले एक साल से कभी मिट्टी तो कभी बजरी डालकर केवल अस्थायी तौर पर काम चलाया जा रहा है, जबकि समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। यह संपर्क मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ता है और यहां से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही होती है। सड़क की हालत खराब होने के कारण वाहन चालकों को जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है। बरसात का मौसम अब दोबारा शुरू होने वाला है। ऐसे में अब स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है। लोगों को डर है कि यदि समय रहते आवश्यक मरम्मत नहीं की गई तो मार्ग फिर से बंद हो सकता है। बता दें कि पिछले वर्ष भारी बारिश के दौरान भूस्खलन होने से सड़क का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। उस समय वहां मौजूद तीन लोग भी हादसे की चपेट में आने से बाल बाल बच गए थे। घटना के बाद लोगों को उम्मीद थी कि विभाग सड़क की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करेगा लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। बता दें कि इस मार्ग से मैड़ी, नैहरियां, देहरा, ज्वालाजी, कांगड़ा को जाने के लिए यह रास्ता शॉट कट पड़ता है। इसके चलते काफी वाहन इस मार्ग से होकर गुजरते हैं। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 26, 2026, 23:33 IST
Una News: पिछली बरसात में टूटी थड़ा-पंजोआ सड़क की अब तक नहीं सुधरी हालत #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
