Hathras: जो थे अब तक बदहाल, बदल रहा उन सरकारी अस्पतालों का हाल, हर सीएचसी पर बन रही एमएनसीयू
हाथरस जिले के सातों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) का कायाकल्प किया जा रहा है। भवनों की रंगाई-पुताई की जा रही है, टाइल्स, फ्लोरिंग, छत एवं दीवारों को सजाया जा रहा है। पीवीसी पैनल लगाए जा रहे हैं। एक्स-रे एवं दंत चिकित्सक कक्ष आधुनिक बनाए जा रहे हैं। सीएचसी हसायन, सादाबाद और मुरसान में यह काम हो चुके हैं। सासनी, महौ और सहपऊ में काम चल रहा है। सिकंदराराऊ में काम जल्द शुरू होगा। डीएम अतुल वत्स की पहल पर स्वास्थ्य विभाग ने काम शुरू करा दिए हैं। सबसे पहले आधारभूत ढांचे को उन्नत एवं विकसित किया जा रहा है। जीर्णोद्धार के लिए सीएचसी पर उपलब्ध बजट का ही प्रयोग हो रहा है। शासन स्तर से कोई अलग धनराशि नहीं मिली है। डीएम व सीएमओ की देखरेख में सीएचसी फंड से सुविधाओं में सुधार लाया जा रहा है। जिला प्रशासन के स्तर से भी धनराशि जुटाई जा रही है। अब ग्रामीण मरीजों को अपने घर के पास ही निशुल्क और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। हमारा लक्ष्य केवल इलाज कराना ही नहीं, बल्कि मरीज को एक बेहतर अनुभव देना भी है। जब अस्पताल का वातावरण सकारात्मक होता है, तो मरीज के ठीक होने की गति भी बढ़ जाती है। इससे लोगों का विश्वास सरकारी अस्पतालों पर बढ़ेगा।-अतुल वत्स, जिलाधिकारी। वार्डों के कायाकल्प के साथ ही सुविधाओं पर ध्यान दिया जा रहा है। एक्स-रे व पैथोलॉजी में जांच की सुविधा के साथ अल्ट्रासाउंड भी कराए जा रहे हैं। सीएचसी पर आवश्यक ऑपरेशन कराए जा रहे हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती के लिए शासन स्तर पर लगातार मांग की जा रही है।-डाॅ. राजीव गुप्ता, एसीएमओ। परिवार की गर्भवती महिला को उपचार दिलाने आई हूं। सरकारी अस्पतालों की हालत में सुधार देखने को मिल रहा है। परामर्श कक्ष से लेकर भर्ती होने वाले वार्ड तक सब साफ-सुथरे हो गए हैं। उपचार की व्यवस्थाएं भी बेहतर हुई हैं।-सरोज निवासी बिलखौरा सासनी बच्चे का टीकाकरण कराने आई हूं। सरकारी अस्पतालों की सूरत तेजी से बदल रही है। देखने से लगता ही नहीं कि ये वही पुराने अस्पताल हैं, जहां टूटी व सीलन वाली दीवारें हुआ करती थीं। टीकाकरण की व्यवस्था अच्छी हुई है।-कोमल निवासी सासनी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 22, 2026, 10:50 IST
Hathras: जो थे अब तक बदहाल, बदल रहा उन सरकारी अस्पतालों का हाल, हर सीएचसी पर बन रही एमएनसीयू #CityStates #Hathras #HathrasGovernmentHospital #HathrasChc #Mncu #ChcSasniHathras #SahpauChc #HathrasNews #HasayanChc #ChcSadabad #MursanChc #ChcMahoHathras #SubahSamachar
