संपूर्ण समाधान दिवस: महिला से घूस लेने की शिकायत पर कार्रवाई, सीआरओ ने दो कर्मचारियों को पुलिस को सौंपा

मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम प्रवीण मिश्र, एसपी कमलेश बहादुर ने लोगों की फरियाद सुनी। चारों तहसीलों में 327 प्रार्थनापत्र पहुंचे, अधिकारियों ने मौके पर 33 मामलों का निस्तारण करा दिया। मधुबन तहसील में सीआरओ दिनेश द्वारा सुनवाई के दौरा मित्तनपुर निवासी मुटुरी देवी ने प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उन्होंने वर्ष 2013 में गांव में भूमि क्रय किया है। तब से वह दाखिल खारिज के लिए तहसील मुख्यालय का चक्कर लगा रही हैं। इस दौरान तहसील के दो कर्मचारियों ने उनसे इस काम के लिए 10 हजार रुपये की मांग की। महिला ने उन्हें 5000 रुपये दे दिए, लेकिन अब तक काम नहीं पूरा हुआ है। 5000 रुपये नहीं देने पर फाइल गायब कर देने की धमकी दे रहे हैं। शिकायत को संज्ञान लेकर सीआरओ दिनेश ने दोनों कर्मचारियों को पुलिस के हवाले कर दिया। तहसील बार एसोसिएशन मधुबन के मंत्री अधिवक्ता अविनाश मल्ल ने अन्य अधिवक्ताओं के सहयोग से पीड़िता का पुर पैसा वापस करा दिया। इस दौरान 65 प्रार्थना पड़े। इसमें सर्वाधिक मामले भूमि विवाद से जुड़े थे। तीन मामलों में तत्काल टीम रवाना किया गया और 15 मामले का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। उधर, मुहम्मदाबाद गोहना तहसील में 140 प्रार्थनापत्र पड़े, इसमें सात का मौके पर निस्तारण कराया गया और छह के लिए टीम गठित कर भेजा गया। पुलिस और राजस्व से संबंधित 85 मामले थे। अधिकांश शिकायतें पैमाइश, अवैध कब्जा, चक मार्ग के संबंध में थीं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मौके पर जाकर संबंधित अधिकारी शिकायतों का निस्तारण करें तभी गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो सकेगा। इस दौरान तहसील में प्रार्थनापत्र लेकर आए कुछ फरियादियों से बातचीत की गई तो कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने की बात कही। काजीपुर बस्ती निवासी चंद्रमी देवी ने शिकायत किया कि उनका नाम राशन कार्ड से काट दिया गया है। इसके लिए चार बार प्रार्थनापत्र दे चुकी हैं। रानीपुर ब्लाक के काझा निवासी विधि चंद ने बताया कि उनके मकान के बगल में गाटा संख्या 1566 की पैमाइश का आवेदन दिया गया। संपूर्ण समाधान दिवस पर अधिकारियों के स्पष्ट आदेश के बाद भी अभी तक पैमाइश नहीं की गई। वलीदपुर के गणपत अजय आदि ने शिकायत किया कि उनके आबादी के घरों से निकलने वाले पानी की निकासी के लिए नाली नहीं है। पानी आसपास के मकान के पास ही बहता है, जिससे समस्या हो रही है। निस्तारण के लिए नगर पंचायत और संपूर्ण समाधान दिवस पर कई बार शिकायत की गई लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। रानीपुर ब्लाक के धर्मसीपुर गांव की रहने वाली रंजना आर्य ने शिकायत किया कि चक के सीमांकन के लिए कई बार प्रार्थना पत्र दे चुकी हैं। लेकिन संबंधित लेखपाल ने पैमाइश नहीं किया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 18, 2026, 20:41 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




संपूर्ण समाधान दिवस: महिला से घूस लेने की शिकायत पर कार्रवाई, सीआरओ ने दो कर्मचारियों को पुलिस को सौंपा #CityStates #Mau #Varanasi #MauNews #MauLatestNews #SampurnSamadhanDivas #SubahSamachar