Una News: फरवरी बीत जाने के बाद भी नहीं लगे कोच डिस्प्ले बोर्ड, यात्री परेशान

ऊना। ऊना हिमाचल का प्रमुख ब्रॉडगेज रेलवे स्टेशन है। इसके बावजूद यात्रियों के लिए बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। स्टेशन के दोनों प्लेटफॉर्म पर कोच डिस्प्ले बोर्ड (कोच इंडिकेटर सिस्टम) आज तक नहीं लगाया गया है जबकि कई बार लिखित एवं मौखिक शिकायतें की जा चुकी हैं। इस पर बीते साल जून और दिसंबर महीने में रेलवे अधिकारी ने सफाई देते हुए कहा था कि टेंडर प्रक्रिया चल रही हैं, जनवरी के अंतिम सप्ताह में कार्य शुरू हो जाएगा। इसके अलावा, प्लेटफॉर्म एक की ऊंचाई भी मानक स्तर तक नहीं बढ़ाई गई है। नतीजतन, ट्रेन के दरवाजे और प्लेटफॉर्म के बीच काफी अंतर रह जाता है, जिससे वृद्धजनों, महिलाओं, बच्चों तथा दिव्यांग यात्रियों को चढ़ने-उतरने में भारी कठिनाई होती है। कई बार यात्रियों को सामान सहित गिरने या फिसलने का खतरा भी झेलना पड़ता है।यात्रियों का कहना है कि ट्रेन आने पर कोच की स्थिति का पता करने के लिए उन्हें प्लेटफॉर्म पर इधर-उधर भागना पड़ता है। कोई डिस्प्ले बोर्ड न होने से विशेषकर लंबी दूरी की ट्रेनों ( इंदौर एक्सप्रेस, नांदेड़ साप्ताहिक, गांधीनगर कैपिटल एक्सप्रेस) में कोच ढूंढना मुश्किल हो जाता है। यह समस्या वर्षों से बनी हुई है और रेलवे प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन ही मिलते रहे हैं।ऊना हिमाचल स्टेशन पर प्रतिदिन वंदे भारत एक्सप्रेस समेत दर्जनों ट्रेनें आवागमन करती हैं और हजारों यात्री यात्रा करते हैं। फिर भी इन बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी से यात्रियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।समाजसेवी अरुण कौशल समेत जिला वासियों ने रेलवे अधिकारियों से तत्काल मांग कि हैं कि ऊना हिमाचल स्टेशन पर कोच डिस्प्ले बोर्ड (सिस्टम) की तुरंत स्थापना की जाए और प्लेटफॉर्म एक की ऊंचाई को मानक (उचित स्तर) तक बढ़ाया जाए ताकि सुरक्षित चढ़ाई-उतरी संभव हो इसके साथ ही समस्या के समाधान तक अंतरिम व्यवस्था के रूप में मैनुअल घोषणा या अतिरिक्त स्टाफ द्वारा कोच पोजीशन की जानकारी दी जाए।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 03, 2026, 23:47 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: फरवरी बीत जाने के बाद भी नहीं लगे कोच डिस्प्ले बोर्ड, यात्री परेशान #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar