UP News: पीलीभीत में सीएम योगी ने विस्थापित परिवारों को दी बड़ी सौगात, सौंपे भूमि अधिकार प्रमाण पत्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत के पतरासा कुंवरपुर गांव में 569.11 करोड़ रुपये की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने इस दौरान विस्थापित परिवारों को भूमि अधिकार पत्र भी सौंपे। इसके साथ ही, 106 बंगाली समाज के लोगों को भारतीय नागरिकता प्रमाणपत्र भी दिए गए। इस कदम से उन्हें देश के पूर्ण नागरिक होने का अधिकार मिला। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री का बंगाली परंपरा से स्वागत किया गया। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद, गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्य मंत्री संजय गंगवार, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख और अन्य जनप्रतिनिधि मंच पर उपस्थित रहे। बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा ने संबोधन के दौरान सीएम योगी से चीनी मिल, स्टेडियम और डिग्री कॉलेज की मांग की। बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने शिक्षा, चिकित्सा, परिवहन सुविधा मुहैया कराने पर सरकार की सराहना की। जनसभा में पहुंचे हजारों लोग सीएम योगी की जनसभा में सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और लाभार्थी जुटे। मुख्यमंत्री के आगमन पर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत कार्यक्रम स्थल पर चार स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 29, 2026, 11:37 IST
UP News: पीलीभीत में सीएम योगी ने विस्थापित परिवारों को दी बड़ी सौगात, सौंपे भूमि अधिकार प्रमाण पत्र #CityStates #Bareilly #Pilibhit #UttarPradesh #CmYogi #YogiAdityanath #Bjp #SubahSamachar
