Himachal News: सीएम सुक्खू बोले- पांच वर्षों में सीबीएसई सरकारी स्कूल बनेंगे प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ संस्थान

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई से संबद्ध सरकारी विद्यालय अगले पांच वर्षों में राज्य के सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थानों के रूप में स्थापित होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और समान शिक्षा उपलब्ध कराना है, जिसके लिए शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार किए जा रहे हैं। शिमला स्थित बिशप कॉटन स्कूल (बीसीएस) के स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई शुरू की है और अब तक 156 सरकारी विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्ध किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि इन प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और सरकारी स्कूलों में 24 हजार से अधिक विद्यार्थियों का नामांकन बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने बिशप कॉटन स्कूल को उत्कृष्ट शिक्षा, नेतृत्व, अनुशासन और चरित्र निर्माण का प्रतीक बताते हुए कहा कि इस संस्थान ने वर्षों से देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों के लिए प्रतिभाशाली व्यक्तित्व तैयार किए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे केवल सफलता प्राप्त करने तक सीमित न रहें, बल्कि ऐसे जिम्मेदार नागरिक बनें जो समाज, प्रदेश और देश के विकास में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, अनुशासन, सेवा और दृढ़ संकल्प जैसे मूल्य आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और यही गुण एक श्रेष्ठ व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 28, 2026, 10:34 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Himachal News: सीएम सुक्खू बोले- पांच वर्षों में सीबीएसई सरकारी स्कूल बनेंगे प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ संस्थान #CityStates #Shimla #HimachalPradesh #SukhvinderSinghSukhu #HimachalEducation #CbseGovernmentSchools #BishopCottonSchoolShimla #ShimlaNews #HimachalNews #EducationReform #SubahSamachar