राष्ट्रपति का हिमाचल दौरा: स्वागत के लिए बिलासपुर पहुंचे सीएम, एम्स में पहले दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बिलासपुर दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। राष्ट्रपति के स्वागत और एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मंगलवार को बिलासपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर जैसे ही लुहणू हेलीपैड पर उतरा, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से एम्स बिलासपुर के लिए रवाना हो गए। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शामिल हो रही हैं। उनके दौरे को देखते हुए एम्स परिसर से लेकर आवाजाही वाले मार्गों तक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को पुख्ता किया गया है। 92 प्रशिक्षुओं को मिलेंगी डिग्रियां एम्स बिलासपुर के पहले दीक्षांत समारोह में विभिन्न पाठ्यक्रमों से शिक्षा और प्रशिक्षण पूरा करने वाले 92 प्रशिक्षुओं को डिग्री प्रदान की जाएगी। इनमें वर्ष 2020 बैच के 43 एमबीबीएस विद्यार्थी, 2023 बैच के 14 एमडी-एमएस चिकित्सक, 2022 बैच के 26 नर्सिंग विद्यार्थी और नौ पैरामेडिकल विद्यार्थी शामिल हैं। समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच प्रशिक्षुओं को स्वर्ण पदक से भी सम्मानित किया जाएगा। सुबह 10:35 बजे एम्स पहुंचेंगी राष्ट्रपति राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कार्यक्रम के अनुसार वह सुबह 10:35 बजे एम्स बिलासपुर परिसर पहुंचेंगी। इसके करीब 10 मिनट बाद यानी 10:45 बजे दीक्षांत समारोह शुरू होगा। समारोह में राष्ट्रपति विद्यार्थियों को डिग्रियां और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति सुबह 11:55 बजे एम्स हेलीपैड से मनाली के लिए रवाना होंगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 06, 2026, 08:24 IST
राष्ट्रपति का हिमाचल दौरा: स्वागत के लिए बिलासपुर पहुंचे सीएम, एम्स में पहले दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल #CityStates #Bilaspur #Shimla #HimachalPradesh #PresidentDroupadiMurmu #CmSukhvinderSinghSukhu #BilaspurNews #AiimsBilaspur #AiimsBilaspurConvocation #PresidentHimachalVisit #SubahSamachar
