सीएम बोले: पार्किंग, रिटेल फूड कोर्ट, विज्ञापनों के जरिए पैसा कमाने की कोशिश करे मेट्रो, दिए ये निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मेट्रो परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे हों तथा निर्माण से संचालन तक पारदर्शिता और दक्षता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मेट्रो से आय के नए स्रोत विकसित करने पर जोर दिया और संबंधित विभागों के बीच नियमित समन्वय बैठकें करने को कहा। सीएम ने मेट्रो को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए स्टेशनों पर मल्टीलेवल पार्किंग, रिटेल, फूड कोर्ट और ऑफिस स्पेस जैसी व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही विज्ञापन, डिजिटल ब्रांडिंग और परिसंपत्तियों के बेहतर उपयोग पर जोर दिया। ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट के जरिये राजस्व बढ़ाने, भूमि मूल्य संवर्धन और निजी निवेश को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। यात्रियों की सुविधा के लिए मल्टी-मॉडल और लास्ट माइल कनेक्टिविटी को प्राथमिकता देने, स्टेशनों को बस, ई-रिक्शा, टैक्सी और एप आधारित सेवाओं से जोड़ने पर बल दिया गया। तीन शहरों की परियोजनाओं की प्रगति को परखा बैठक में लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया लखनऊ मेट्रो के चारबाग से वसंत कुंज कॉरिडोर को 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य है। कानपुर मेट्रो के 32.4 किमी नेटवर्क में लगभग 15 किमी पर संचालन शुरू हो चुका है, शेष कार्य मार्च 2027 तक पूरा होगा। आगरा मेट्रो के प्राथमिक सेक्शन पर सेवा जारी है, जबकि अन्य कॉरिडोर 2026-27 तक पूरे होंगे। मेट्रो सेवाओं का उपयोग बढ़ने से यातायात दबाव कम हुआ है और समय की बचत हो रही है। वर्ष 2024-25 में गैर-भाड़ा आय के रूप में लगभग 222 करोड़ रुपये अर्जित किए गए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 24, 2026, 08:36 IST
सीएम बोले: पार्किंग, रिटेल फूड कोर्ट, विज्ञापनों के जरिए पैसा कमाने की कोशिश करे मेट्रो, दिए ये निर्देश #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #MetroInUp #MetroProjects #LucknowMetro #SubahSamachar
