Dausa: 36 केंद्रों पर लिपिक भर्ती परीक्षा शुरू, बायोमेट्रिक जांच के बाद मिला प्रवेश; सीसीटीवी से निगरानी
दौसा जिला मुख्यालय पर रविवार को राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित लिपिक ग्रेड-द्वितीय एवं कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा 36 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हुई। परीक्षा में नकल और फर्जी अभ्यर्थियों पर रोक लगाने के लिए सभी केंद्रों पर निजी एजेंसी के माध्यम से बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराई गई। पहली पारी के अभ्यर्थियों को सुबह 7:30 बजे से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। इस दौरान कई केंद्रों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं। प्रवेश से पहले एजेंसी के कर्मचारियों ने प्रारंभिक जांच की। महिला अभ्यर्थियों के दुपट्टे बाहर उतरवाए गए, लंबे बाल वाले अभ्यर्थियों के बाल बंधवाए गए तथा हाथों में बंधे धागे, कानों के ईयररिंग्स और नोजपिन भी उतरवाई गई। कई अभ्यर्थियों की जींस पर लगे धातु के बटन भी कटवाए गए। इसके बाद पुलिस ने मेटल डिटेक्टर से जांच कर संदिग्ध सामान हटवाया। पुलिस और वीक्षक स्टाफ ने तीन-स्तरीय जांच तथा बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया। पढे़ं:खंभे हटाए बिना ही बना दी सड़क; लोगों ने पूछा- हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन पहली पारी की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित हुई, जबकि दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले, सुबह 8:30 बजे सभी परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए। परीक्षा को निष्पक्ष और नकलमुक्त बनाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई। प्रशासन ने किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए छह विजिलेंस टीमें गठित की हैं। प्रत्येक टीम में एक आरएएस अधिकारी, एक आरपीएस अधिकारी तथा शिक्षा विभाग का एक वरिष्ठ अधिकारी शामिल है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए 60 पर्यवेक्षक भी तैनात किए गए हैं। जिला मुख्यालय के 12 सरकारी और 24 निजी परीक्षा केंद्रों पर दो पारियों में आयोजित इस परीक्षा के लिए कुल 13,200 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 05, 2026, 15:22 IST
Dausa: 36 केंद्रों पर लिपिक भर्ती परीक्षा शुरू, बायोमेट्रिक जांच के बाद मिला प्रवेश; सीसीटीवी से निगरानी #CityStates #Dausa #Rajasthan #DausaNews #DausaViralNews #DausaLatestNews #DausaHindiNews #SubahSamachar
