Rohtak News: पंजीकरण बहाल को लेकर 20 को सीटू करेगी ब्लॉकस्तरीय मजदूर पंचायत

संवाद न्यूज एजेंसी रोहतक। सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से जुड़े बड़ी संख्या में मजदूरों का पंजीकरण रद्द होने से श्रमिकों में रोष है। इस मुद्दे को लेकर भवन निर्माण कामगार यूनियन (सीटू) ने 20 जून को मानसरोवर पार्क में ब्लॉकस्तरीय मजदूर पंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया है। पंचायत में पंजीकरण बहाली और मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ रणनीति तय की जाएगी। इसी क्रम में सीटू ने बुधवार को शहर की विभिन्न कॉलोनियों में नुक्कड़ सभाओं का अभियान तेज किया। कबीर कॉलोनी, जसबीर कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-1 व 4, एकता कॉलोनी, सुखपुरा चौक, सूर्य नगर और इंदिरा कॉलोनी में आयोजित सभाओं को राज्य उपाध्यक्ष विनोद, जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह, ब्लॉक प्रधान रमेशचंद्र, सचिव किशोर, कोषाध्यक्ष रवि तथा जिला कोषाध्यक्ष धर्मदास ने संबोधित किया।राज्य उपाध्यक्ष विनोद ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार का हवाला देकर बोर्ड का पोर्टल लगभग एक वर्ष तक बंद रखा। मजदूरों के दबाव के बाद 16 जून की रात इसे खोला गया, लेकिन इस दौरान करीब 95 प्रतिशत मजदूरों का पंजीकरण रद्द हो गया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सत्यापन का कार्य अधिकारियों और दलालों के भरोसे छोड़ने से भ्रष्टाचार बढ़ा है। पोर्टल बंद रहने से छह लाख से अधिक मजदूरों की पेंशन, छात्रवृत्ति, आवास योजना और अन्य कल्याणकारी लाभ प्रभावित हुए हैं।जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि मजदूरों की दिहाड़ी मारने की घटनाएं बढ़ रही हैं और कई मामलों में श्रमिकों को ही झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है। सीटू ने रद्द पंजीकरण बहाल करने, यूनियनों को सत्यापन का अधिकार देने तथा लेबर चौकों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 17, 2026, 17:37 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Rohtak News: पंजीकरण बहाल को लेकर 20 को सीटू करेगी ब्लॉकस्तरीय मजदूर पंचायत #CITUWillOrganizeBlockLevelLabourPanchayatOn20thRegardingRestorationOfRegistration. #SubahSamachar